
मुंबई. 'एनिमल' के 'अबरार' और 'आश्रम' के 'बाबा निराला' बनकर दर्शकों के रोंगटे खड़े करने वाले बॉबी देओल एक बार फिर बॉक्स ऑफिस पर गदर मचाने को तैयार हैं। अनुराग कश्यप के निर्देशन में बनी उनकी अगली फिल्म 'बंदर' (Bandar) इन दिनों टॉक ऑफ द टाउन बनी हुई है। हाल ही में मेकर्स ने फिल्म से बॉबी का एक बेहद शानदार और वाइब्रेंट पोस्टर जारी किया है, जिसने फैंस के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है।
'सैफ्रॉन मैजिकवर्क्स' द्वारा साझा किए गए नए पोस्टर में बॉबी देओल एकदम कूल और क्लासी अंदाज में नजर आ रहे हैं। शिमरी पैंट-शर्ट और हाथ में गिटार थामे उनका यह 'डिस्को डांसर' लुक फिल्म की डार्क थीम से बिल्कुल विपरीत है। फिल्म में बॉबी एक ऐसे टीवी एक्टर का किरदार निभा रहे हैं, जिसका करियर ढलान पर है और उस पर अपनी एक्स-गर्लफ्रेंड के साथ दुष्कर्म जैसा गंभीर आरोप लगता है। बताया जा रहा है कि यह फिल्म सच्ची घटनाओं से प्रेरित एक इंटेंस क्राइम-थ्रिलर है।
फैंस के लिए सबसे बड़ी खुशखबरी यह है कि फिल्म 'बंदर' का आधिकारिक टीजर कल, यानी 7 मई 2026 को सुबह 11 बजे यूट्यूब पर रिलीज किया जाएगा। इस टीजर के जरिए फिल्म की कहानी और किरदारों की पहली झलक दर्शकों को मिलेगी। फिल्म में बॉबी के साथ सान्या मल्होत्रा भी मुख्य भूमिका में नजर आएंगी।
जून का महीना सिनेमा प्रेमियों के लिए किसी ट्रीट से कम नहीं होने वाला है। बॉबी देओल की 'बंदर' 5 जून 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। इसी दिन वरुण धवन और मृणाल ठाकुर की रोमांटिक-कॉमेडी 'है जवानी तो इश्क होना है' भी रिलीज हो रही है। इतना ही नहीं, साउथ के मेगास्टार राम चरण की 'पेड्डी' भी ठीक एक दिन पहले यानी 4 जून को रिलीज होगी। ऐसे में बॉक्स ऑफिस पर बॉबी देओल का मुकाबला वरुण धवन और राम चरण जैसे सितारों से होने वाला है।
Leave A Reviews