
हैदराबाद. आईपीएल 2026 के आगाज से पहले सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खेमे से एक चौंकाने वाली खबर सामने आ रही है. शनिवार को खेले गए एक अभ्यास मैच के दौरान टीम के अंतरिम कप्तान ईशान किशन और युवा लेग स्पिनर जीशान अंसारी के बीच मैदान पर तनाव देखने को मिला. जीशान ने कप्तान को आउट करने के बाद जिस तरह का आक्रामक रिएक्शन दिया, उसने सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी है.
मैदान पर क्या हुआ?
दूसरी पारी के आठवें ओवर में ईशान किशन जबरदस्त लय में नजर आ रहे थे. उन्होंने 26 वर्षीय जीशान अंसारी की पहली चार गेंदों पर दो छक्के और दो चौके जड़कर उन्हें बैकफुट पर धकेल दिया था. हालांकि, अगली ही गेंद पर जीशान ने शानदार वापसी की और ईशान को चकमा दे दिया. ईशान का कैच डीप स्क्वायर लेग पर लपका गया.
विकेट लेने के बाद जोश में होश खोते हुए जीशान ने कप्तान ईशान को 'बाहर जाने का इशारा' (Send-off) किया. हालांकि, ईशान ने मैच्योरिटी दिखाते हुए इसे गंभीरता से नहीं लिया और मुस्कुराते हुए पवेलियन की ओर चल दिए.
ईशान के कंधों पर कप्तानी का भार
नियमित कप्तान पैट कमिंस की चोट (बैक स्ट्रेन) के कारण सनराइजर्स हैदराबाद ने ईशान किशन को आईपीएल 2026 के शुरुआती मैचों के लिए अंतरिम कप्तान नियुक्त किया है. हाल ही में टी20 वर्ल्ड कप में 317 रन बनाकर दूसरे सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज बने ईशान शानदार फॉर्म में हैं. उनकी कप्तानी में ही झारखंड ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी का खिताब जीता था.
पैट कमिंस की वापसी पर सस्पेंस
फ्रेंचाइजी ने स्पष्ट किया है कि कमिंस अपनी चोट से उबर रहे हैं और कुछ मैचों के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे. उनकी अनुपस्थिति में अभिषेक शर्मा को उप-कप्तान बनाया गया है. लेकिन प्रैक्टिस मैच में साथी खिलाड़ी के प्रति ऐसा व्यवहार टीम बॉन्डिंग पर सवाल खड़े कर रहा है.
Leave A Reviews