Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

छात्रों की गूंज इंदौर कार्यक्रम में पहुंचे राहुल गांधी, एयरपोर्ट पर कार्यकर्ताओं व पुलिस में धक्का-मुक्की


इंदौर। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शनिवार को मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर पहुंचे। एयरपोर्ट पर उतरने के बाद वे सीधे रेडिसन होटल के लिए रवाना हुए। इस दौरान एयरपोर्ट परिसर और काफिले के रास्ते में उनसे मिलने की होड़ मच गई। स्वागत की कोशिश में पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जोरदार धक्का-मुक्की हुई। भारी सुरक्षा घेरे के चलते कई वरिष्ठ कांग्रेसी नेता राहुल गांधी से मुलाकात नहीं कर पाए।

इंदौर में यह राहुल गांधी का पहला और देश भर में 5वां ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम है। वे शाम 5:30 बजे रीजनल पार्क के सामने स्थित आईडीए ग्राउंड में युवाओं और छात्रों से सीधा संवाद करेंगे। इस संवाद में छात्र रोजगार, पेपर लीक, प्रतियोगी परीक्षाओं और शिक्षा व्यवस्था की विसंगतियों पर सीधे सवाल पूछेंगे।

2 लाख रजिस्ट्रेशन का दावा, 31 शर्तों पर मिली अनुमति

आयोजन को लेकर कांग्रेस का दावा है कि कार्यक्रम के लिए करीब 2 लाख छात्र-छात्राओं ने रजिस्ट्रेशन कराया है। अत्यधिक ट्रैफिक के चलते रजिस्ट्रेशन पोर्टल का सर्वर तक डाउन हो गया था। हालांकि, प्रशासन को करीब 15 हजार प्रतिभागियों के शामिल होने की औपचारिक सूचना दी गई है।

प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्था को देखते हुए 31 कड़ी शर्तों के साथ कार्यक्रम की अनुमति दी है। आयोजन स्थल और राहुल गांधी के पूरे काफिला रूट पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। एयरपोर्ट से लेकर आयोजन स्थल तक समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ी हुई है।

शहर में ट्रैफिक जाम, एम्बुलेंस भी फंसी

राहुल गांधी के काफिले के गुजरने के दौरान एमआर-10 चौराहे से लेकर विजय नगर तक लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। इस दौरान एक आपातकालीन एम्बुलेंस भी वाहनों की कतार में फंस गई, जिसे पुलिसकर्मियों ने मशक्कत के बाद बाहर निकाला।

एमआर-10 पर शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी के साथ स्वागत किया। कार्यक्रम में भाग लेने ग्वालियर, खंडवा और दतिया से भी बड़ी संख्या में युवा और पूर्व अधिकारी पहुंचे हैं।

सड़क से सदन तक युवाओं की आवाज उठाने का संकल्प

यूथ कांग्रेस और किसान कांग्रेस के नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने अनुमति के नाम पर परेशान किया और शहर भर में लगे पोस्टरों को हटाया गया। प्रवक्ताओं ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल संवाद नहीं बल्कि युवाओं के अधिकार की लड़ाई है।

नेताओं ने संकल्प दोहराया कि छात्रों की गूंज इंदौर के माध्यम से बेरोजगारी और पेपर लीक के मुद्दों को सड़क से लेकर संसद तक पूरी मजबूती के साथ उठाया जाएगा।

Date & Time : 2026-09-19 09:49:52

Share:

Leave A Reviews

Related News