Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

चित्रकूट में कलेक्टर एवं एसपी ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का किया निरीक्षण


चित्रकूट में मंदाकिनी नदी के जलस्तर में कमी के बाद जनजीवन को पूरी तरह सामान्य करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा राहत, स्वच्छता और जनसुविधाओं की पुनर्बहाली के कार्य लगातार जारी हैं। रविवार को जिला प्रशासन की विभिन्न टीमों ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर साफ-सफाई, कीचड़ एवं रेत हटाने तथा स्वच्छता के कार्यों में श्रमदान भी किया। मंदाकिनी नदी का जलस्तर रविवार सुबह आरोग्यधाम के पास प्रातः 6 बजे 135.32 मीटर दर्ज किया गया, जबकि नदी का अधिकतम एचएफएल 139.60 मीटर है। जलस्तर में लगातार कमी दर्ज की जा रही है। प्रशासन द्वारा लगातार जलस्तर की निगरानी की जा रही है।

कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस एवं पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह ने रविवार को चित्रकूट पहुंचकर मंदाकिनी नदी के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने भरत घाट, राघव प्रयाग घाट एवं नयागांव में बाढ़ से हुई नुकसान का जायजा लिया तथा प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे राहत, सफाई एवं पुनर्बहाली के कार्यों का अवलोकन किया। कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से बाढ़ के बाद की स्थिति तथा प्रभावित क्षेत्रों में किए जा रहे राहत कार्यों की जानकारी ली।

उन्होंने भरत घाट, राघव प्रयाग घाट एवं नयागांव में सड़कों, सार्वजनिक स्थलों और अन्य प्रभावित स्थानों पर चल रहे सफाई कार्यों को देखा तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर और एसपी ने मंदाकिनी नदी के नयागांव, राघव प्रयाग घाट की ओर स्थित घरों में भी बाढ़ का पानी घुसने से हुए नुकसान का अवलोकन किया तथा स्थानीय निवासियों से रूबरू बातचीत कर नियमानुसार हर संभव सहायता देने की बात कही।

राघव प्रयाग घाट के साफ-सफाई अभियान के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने नगर निगम के अधिकारियों को सोमवार से सफाई अमला बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगर निगम की 50-50 सफाई कर्मियों की दो टीमें घाटों में संलग्न की जाएं। इनमें एक टीम भरत घाट की ओर तथा दूसरी टीम राघव प्रयाग घाट की ओर नदी के घाट की सफाई करेगी। इस दौरान अपर कलेक्टर विकास सिंह, सीईओ जिला पंचायत शैलेंद्र सिंह तथा एसडीएम महिपाल सिंह गुर्जर सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

कलेक्ट्रेट के अधिकारी-कर्मचारियों ने किया श्रमदान

बाढ़ प्रभावित चित्रकूट के नदी घाटों एवं बस्तियों को शीघ्र स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य तथा साफ-सफाई कार्य को और गति देने के लिए जिला कलेक्ट्रेट सतना के अधिकारी-कर्मचारियों ने रविवार को चित्रकूट पहुंचकर श्रमदान में हिस्सा लिया। इनमें कलेक्ट्रेट की टीम द्वारा भरत घाट की रेत और मलबा हटाकर साफ-सफाई की गई। साथ ही भरत घाट मार्ग पर लोगों द्वारा घरों एवं दुकानों से निकालकर सड़क किनारे रखी गई कीचड़ और रेत को ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में भरकर हटाने में मदद की।

प्रातः 11 बजे से चित्रकूट पहुंची कलेक्ट्रेट की टीम ने भोजन अवकाश के बाद भी पुनः भरत घाट पहुंचकर सफाई कार्य में सहभागिता की और श्रमदान कर पूरे भरत घाट को साफ किया।

इसी प्रकार जनपद पंचायत मझगवां के अधिकारियों एवं मैदानी कर्मचारियों तथा सरपंच-सचिवों की टीम द्वारा मंदाकिनी नदी के उस पार नयागांव बाजार क्षेत्र के 300 मीटर हिस्से में विशेष साफ-सफाई अभियान चलाकर उसे साफ किया गया। टीम ने पूर्व माध्यमिक विद्यालय नयागांव की सफाई सहित सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर जमा कीचड़ एवं गाद हटाई।

नगर परिषद चित्रकूट तथा नगर निगम सतना की सफाई टीमें भी चित्रकूट की गलियों, घाटों और अन्य प्रभावित क्षेत्रों में लगातार सफाई कार्य में जुटी हुई हैं। बाढ़ के बाद स्वच्छता एवं संक्रमण की रोकथाम के लिए विभिन्न प्रभावित क्षेत्रों में सैनिटाइजेशन और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव भी किया जा रहा है। इसी क्रम में सियाराम कुटी के सामने मेन रोड पर ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव किया गया।

उद्यानिकी कार्यालय द्वारा 60 किट सूखा खाद्यान्न का सहयोग

मंदाकिनी नदी बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के परिवारों को नगर परिषद की दीनदयाल रसोई में गुणवत्तायुक्त ताजा भोजन पैकेटों में तैयार कर हर मोहल्ले के लोगों को वितरित किया जा रहा है। इसी प्रकार बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के लोगों के लिए सामाजिक व्यक्तियों, विभिन्न संगठनों, समाजसेवियों एवं संस्थाओं द्वारा प्रदान की जा रही राहत सामग्री को व्यवस्थित रूप से प्रभावितों तक पहुंचाने के लिए वन विभाग के गोदाम, चित्रकूट विकास प्राधिकरण के पास स्टोर केंद्र बनाया गया है।

जहां से राहत सामग्री और सूखे खाद्यान्न के पैकेट बनाकर व्यवस्थित रूप से प्रभावित परिवारों तक पहुंचाए जा रहे हैं। रविवार को उप संचालक उद्यानिकी अनिल सिंह एवं स्टाफ द्वारा बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए 60 सूखा राशन किट उपलब्ध कराई गईं। प्रत्येक किट में 10 किलो चावल, 2 किलो दाल, 1 किलो खाद्य तेल और 1 किलो नमक शामिल है। इन राशन किटों के माध्यम से प्रभावित परिवारों को आवश्यक खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने में सहायता मिल रही है।

दीनदयाल रसोई में 24 घंटे तैयार हो रहा भोजन

मंदाकिनी बाढ़ प्रभावितों के लिए चित्रकूट की दीनदयाल रसोई 24 घंटे संचालित की जा रही है। यहां लगातार भोजन तैयार कर पैकेट के रूप में वाहनों के माध्यम से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचाया जा रहा है। राहत एवं सफाई कार्य में लगी प्रशासनिक टीमों द्वारा प्रभावित लोगों तक भोजन के पैकेट निरंतर पहुंचाए जा रहे हैं।

कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस, एसपी हंसराज सिंह, अपर कलेक्टर विकास सिंह, सीईओ जिला पंचायत शैलेंद्र सिंह एवं एसडीएम महिपाल सिंह गुर्जर ने दीनदयाल रसोई पहुंचकर स्वयं भोजन ग्रहण किया और भोजन की गुणवत्ता एवं व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने यह सुनिश्चित किया कि बाढ़ प्रभावितों को वितरित किया जाने वाला भोजन गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित हो।

Date & Time : 2026-09-07 08:38:51

Share:

Leave A Reviews

Related News