
दमोह जिले के बांदकपुर रेलवे स्टेशन पर शनिवार दोपहर एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां प्लेटफॉर्म पर एक अधेड़ व्यक्ति का शव फांसी के फंदे से लटका मिला। यात्रियों द्वारा सूचना दिए जाने के बाद जीआरपी और बांदकपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर पंचनामा कार्रवाई की।
पुलिस ने मृतक की पहचान के लिए तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं, जिसके बाद उसकी पहचान आजाद वार्ड, गढ़ाकोटा निवासी उमाशंकर भोरहरि (50 वर्ष) के रूप में हुई। घटना की जानकारी परिजनों को दे दी गई है, जो गढ़ाकोटा से बांदकपुर के लिए रवाना हो गए हैं। परिजनों के पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा और फिलहाल शव को जिला अस्पताल के शवगृह में रखा गया है।
जानकारी के अनुसार, मृतक ने प्लेटफॉर्म क्रमांक एक पर यात्रियों के बैठने के लिए लगी कुर्सियों के ऊपर टीन शेड की रॉड से फंदा लगाकर आत्महत्या की। घटना के समय उसने पैंट-शर्ट पहन रखी थी।
जीआरपी के एसआई होरीलाल चौधरी ने बताया कि स्टेशन मास्टर से सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक की पहचान गढ़ाकोटा निवासी के रूप में हुई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बांदकपुर स्टेशन छोटा और कम व्यस्त स्टेशन होने के कारण यहां यात्रियों की आवाजाही कम रहती है, जिससे घटना काफी देर तक किसी की नजर में नहीं आई।
Leave A Reviews