मुंबई, 22 अक्टूबर (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के पंजाब को 2029 तक नशा मुक्त करने वाले बयान पर शिवसेना (यूबीटी) के राज्यसभा सदस्य संजय राउत ने पलटवार किया है।
![]()
मुंबई, 22 अक्टूबर (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के पंजाब को 2029 तक नशा मुक्त करने वाले बयान पर शिवसेना (यूबीटी) के राज्यसभा सदस्य संजय राउत ने पलटवार किया है।
शिवसेना (यूबीटी) के नेता संजय राउत ने कहा कि नशा मुक्ति अभियान सिर्फ पंजाब चुनाव तक सीमित नहीं होना चाहिए बल्कि यह पूरे देश में चलना चाहिए।
उन्होंने महाराष्ट्र का उदाहरण देते हुए गंभीर आरोप लगाया। संजय राउत ने कहा, "महाराष्ट्र में डिप्टी सीएम के घर के बगल में सातारा में ड्रग्स की फैक्ट्री चल रही थी और पुलिस को पता तक नहीं चला। ड्रग्स सिंडिकेट का पूरा पैसा महाराष्ट्र की राजनीति में आता है। ऐसे में नशामुक्ति अभियान सिर्फ पंजाब चुनाव के लिए नहीं होना चाहिए, ये पूरे देश के लिए होना चाहिए।"
बता दें कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पंजाब से अवैध मादक पदार्थों और नशे के कारोबार को पूरी तरह खत्म करने के लिए 31 दिसंबर 2029 की डेडलाइन तय की है। उन्होंने कहा है कि 2029 तक पंजाब में नशे के व्यापार को समाप्त कर दिया जाएगा। इसी बयान पर संजय राउत ने प्रतिक्रिया दी है।
वहीं, केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के पति और अर्थशास्त्री परकाला प्रभाकर को लेकर भी संजय राउत ने बयान दिया है। परकाला प्रभाकर 23 अक्टूबर को चुनाव आयोग की वोटर लिस्ट के एसआईआर के खिलाफ देशव्यापी विरोध प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे हैं। इस पर संजय राउत ने कहा, "मैं क्या कहूं? यह अच्छी बात है। परकाला प्रभाकर हमेशा से लोकतंत्र और किसानों के लिए खुलकर बोलते रहे हैं।"
गौरतलब है कि परकाला प्रभाकर अक्सर केंद्र सरकार की नीतियों पर खुलकर अपनी राय रखते हैं। अब उनका चुनाव आयोग के एसआईआर के खिलाफ प्रदर्शन में शामिल होना चर्चा का विषय बन गया है। संजय राउत ने उनके इस कदम का स्वागत किया है।
--आईएएनएस
वीकेयू/पीएम
Leave A Reviews