
देवास. मध्य प्रदेश के देवास जिले में भोपाल-इंदौर हाईवे पर शनिवार-रविवार की दरमियानी रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। नेवरी फाटा के पास एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई, जिससे कार में सवार दो सगे भाइयों सहित तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि कार के परखच्चे उड़ गए।
सामान लेकर लौट रहे थे: जानकारी के अनुसार, दूधलाई (सोनकच्छ) निवासी नागर परिवार में रविवार को दादाजी की तेरहवीं (नुक्ता) का कार्यक्रम था। इसी की सामग्री लेने के लिए परिवार के युवक सोनकच्छ गए थे।
अज्ञात वाहन की टक्कर: रात करीब 1:30 बजे लौटते समय नेवरी फाटा के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी कार को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद चालक मोहित ने नियंत्रण खो दिया और कार सड़क किनारे एक पेड़ से जा भिड़ी।
मृतकों की पहचान: हादसे में शुभम नागर (24) और उनके सगे छोटे भाई प्रदीप नागर (20) के साथ उनके रिश्तेदार मोहित नागर (22) की मौत हो गई। तीनों मृतक किसान परिवार से थे।
कार में सवार एक अन्य युवक सचिन (निवासी सुल्पाखेड़ा) इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल से निजी अस्पताल रेफर किया गया है, जहाँ उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Leave A Reviews