Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

देवउठनी एकादशी के साथ आज से विवाह सीजन की शुरुआत, 2027 में मिलेंगे शादी के 96 शुभ मुहूर्त


भोपाल। देवउठनी एकादशी के साथ आज, 20 नवंबर से विवाह और मांगलिक आयोजनों का सिलसिला शुरू हो गया है। इस साल शादी का पहला शुभ मुहूर्त 21 नवंबर को रहेगा। नवंबर और दिसंबर में कुल 11 दिन विवाह के लिए शुभ माने गए हैं। वहीं, साल का आखिरी विवाह मुहूर्त 12 दिसंबर को पड़ेगा। इसके बाद खरमास शुरू होने के कारण जनवरी 2027 तक शादियों पर विराम रहेगा।

नए साल में 15 जनवरी से एक बार फिर विवाह समारोहों की शुरुआत होगी। वर्ष 2027 में शादी के लिए कुल 96 शुभ दिन बताए गए हैं। इनमें सबसे अधिक 34 मुहूर्त मई और जून महीने में रहेंगे। वहीं, अगस्त, सितंबर और अक्टूबर में विवाह के लिए कोई शुभ मुहूर्त नहीं होगा। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इन महीनों में भगवान विष्णु योगनिद्रा में रहते हैं, इसलिए इस अवधि में विवाह जैसे मांगलिक कार्य नहीं किए जाते।

16 दिसंबर से शुरू होगा खरमास, 15 जनवरी से फिर बजेगी शहनाई

पंचांग के अनुसार, 16 दिसंबर को सूर्य के धनु राशि में प्रवेश करने के साथ धनुमास यानी खरमास की शुरुआत होगी। इस अवधि में विवाह और अन्य मांगलिक कार्यों के लिए शुभ मुहूर्त नहीं निकाले जाते हैं। इसके बाद 14 जनवरी की रात सूर्य के मकर राशि में प्रवेश करने के साथ खरमास समाप्त होगा। 15 जनवरी 2027 से विवाह के शुभ मुहूर्त फिर शुरू हो जाएंगे।

चार महीने बाद जागेंगे भगवान विष्णु, इसलिए कहलाती है देवउठनी एकादशी

हिंदू धर्म में देवउठनी एकादशी का विशेष धार्मिक महत्व है। मान्यता के अनुसार, आषाढ़ महीने के शुक्ल पक्ष की एकादशी को भगवान विष्णु योगनिद्रा में चले जाते हैं। इस तिथि को देवशयनी एकादशी कहा जाता है। इसके बाद करीब चार महीने तक भगवान विष्णु के शयनकाल की मान्यता रहती है। इस दौरान विवाह, गृह प्रवेश और दूसरे मांगलिक आयोजनों के लिए शुभ मुहूर्त नहीं माने जाते।

कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष की एकादशी को भगवान विष्णु के जागने का पर्व मनाया जाता है। इसी वजह से इसे देवउठनी एकादशी कहा जाता है। इस दिन से चातुर्मास की समाप्ति और मांगलिक कार्यों की शुरुआत मानी जाती है। यही कारण है कि देवउठनी एकादशी के बाद विवाह समारोहों का सीजन भी शुरू हो जाता है।

देवउठनी एकादशी पर होता है तुलसी विवाह

देवउठनी एकादशी के दिन तुलसी विवाह की परंपरा भी निभाई जाती है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, इस दिन भगवान विष्णु के शालिग्राम स्वरूप का विवाह तुलसी माता से कराया जाता है। इसके लिए तुलसी के पौधे और शालिग्राम को दूल्हा-दुल्हन की तरह सजाया जाता है। शाम के समय पूजा-अर्चना के बाद मंडप में विवाह की रस्में पूरी की जाती हैं।

तुलसी विवाह को शुभ और मांगलिक कार्यों की शुरुआत का प्रतीक माना जाता है। इसी दिन से देशभर में शादी-ब्याह, गृह प्रवेश और अन्य शुभ आयोजनों की तैयारियां तेज हो जाती हैं।

Date & Time : 2026-11-20 07:40:19

Share:

Leave A Reviews

Related News