Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

दिल्ली के सत्य निकेतन भवन हादसे पर बोले हर्ष मल्होत्रा, दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई


नई दिल्ली, 6 सितंबर (आईएएनएस)। दक्षिण दिल्ली के सत्य निकेतन क्षेत्र में बहुमंजिला इमारत गिरने की दर्दनाक घटना पर दिल्ली भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में केंद्र सरकार, दिल्ली सरकार और दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) पीड़ित परिवारों के साथ खड़े हैं और राहत एवं बचाव कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता पर किया जा रहा है।

नई दिल्ली, 6 सितंबर (आईएएनएस)। दक्षिण दिल्ली के सत्य निकेतन क्षेत्र में बहुमंजिला इमारत गिरने की दर्दनाक घटना पर दिल्ली भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में केंद्र सरकार, दिल्ली सरकार और दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) पीड़ित परिवारों के साथ खड़े हैं और राहत एवं बचाव कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता पर किया जा रहा है।

हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि फिलहाल मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालकर इलाज उपलब्ध कराना सबसे महत्वपूर्ण है। इसके बाद हादसे की विस्तृत जांच कराई जाएगी ताकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।

उन्होंने कहा कि यह एक आबाद इमारत थी, इसलिए यह जानना आवश्यक है कि आखिर दुर्घटना किस वजह से हुई। यदि जांच में किसी विभाग की लापरवाही या जिम्मेदारी सामने आती है तो संबंधित अधिकारियों और इंजीनियरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

रविवार दोपहर दक्षिण दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में बेसमेंट और पांच मंजिल वाली एक इमारत अचानक ढह गई। हादसे में अब तक पांच लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। इसके अलावा कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई गई थी।

पुलिस के अनुसार, घटना दोपहर करीब 1:30 बजे हुई। इमारत छात्र-छात्राओं के लिए पीजी (पेइंग गेस्ट) के रूप में इस्तेमाल की जाती थी और यहां लगभग 40 लोगों के रहने की व्यवस्था थी। अधिकांश पीड़ित छात्र बताए जा रहे हैं, जो दिल्ली विश्वविद्यालय के साउथ कैंपस क्षेत्र में पढ़ाई करते हैं।

हादसे की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, एनडीआरएफ, दिल्ली फायर सर्विस, डीडीएमए, एमसीडी, सिविल डिफेंस और कैट्स एंबुलेंस की टीमें मौके पर पहुंच गईं। बचावकर्मियों ने गैस कटर और जेसीबी मशीनों की मदद से लोहे की बीम काटकर मलबा हटाया और फंसे लोगों को बाहर निकाला।

अधिकारियों के मुताबिक अब तक 11 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है। अंधेरा होने के बाद भी बचाव कार्य जारी रखने के लिए विशेष प्रकाश व्यवस्था की गई और ऑक्सीजन सिलेंडर भी स्टैंडबाय पर रखे गए।

पुलिस के अनुसार, 40 से 50 वर्ष पुरानी इस इमारत के बेसमेंट में मरम्मत कार्य चल रहा था। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि मरम्मत के साथ हाल की भारी बारिश भी हादसे की एक वजह हो सकती है।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, उपराज्यपाल टीएस संधू और महापौर प्रवेश वही ने घटनास्थल का दौरा कर बचाव कार्यों की निगरानी की। मुख्यमंत्री बाद में एम्स पहुंचीं और घायलों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना।

मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने कहा कि सभी एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ काम कर रही हैं और बच्चों के सुरक्षित बचाव के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस हादसे पर शोक व्यक्त किया। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी संदेश में कहा गया कि सत्य निकेतन में इमारत गिरने की घटना बेहद दुखद है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

इस बीच प्रशासन ने हादसे की जांच शुरू करने के संकेत दिए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

--आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी

Date & Time : 2026-09-06 23:20:03

Share:

Leave A Reviews

Related News