नई दिल्ली, 25 अक्टूबर (आईएएनएस)। दिल्ली पुलिस की पश्चिमी जिला एंटी-नारकोटिक्स टीम ने रविवार को राजधानी में सक्रिय अंतरराज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनसे जुड़े विभिन्न ठिकानों से कुल 26.466 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। इस नेटवर्क का संचालन दिल्ली, बिहार और ओडिशा में किया जा रहा था।
![]()
नई दिल्ली, 25 अक्टूबर (आईएएनएस)। दिल्ली पुलिस की पश्चिमी जिला एंटी-नारकोटिक्स टीम ने रविवार को राजधानी में सक्रिय अंतरराज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनसे जुड़े विभिन्न ठिकानों से कुल 26.466 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। इस नेटवर्क का संचालन दिल्ली, बिहार और ओडिशा में किया जा रहा था।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चंदन कुमार, नितेश कुमार और विक्की कुमार के रूप में हुई है। तीनों की उम्र 22 से 25 वर्ष के बीच है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धारा 20, 25 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस जांच में सामने आया कि तस्करी के लिए कूरियर सेवाओं का इस्तेमाल किया जाता था। गांजे को साड़ियों के डिब्बों, साउंड बॉक्स और आरओ वाटर प्यूरीफायर के कार्टन में छिपाकर ओडिशा से दिल्ली भेजा जाता था। इसके बाद इसकी स्थानीय नशा तस्करों के बीच आपूर्ति की जाती थी।
पुलिस के मुताबिक, एंटी-नारकोटिक्स टीम ख्याला इलाके में नियमित गश्त कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर चंदन कुमार को पकड़ा गया। उसके ई-रिक्शा की तलाशी लेने पर 16.906 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके बाद जांच के दौरान ख्याला की जेजे कॉलोनी स्थित उसके किराये के मकान से 5.354 किलोग्राम गांजा और बरामद किया गया।
पूछताछ में चंदन ने कथित तौर पर खुलासा किया कि गांजा ओडिशा से कूरियर पार्सल के जरिए मंगाया जाता था। इस व्यवस्था में बिहार निवासी नितेश कुमार की भूमिका सामने आई।
जांच में पता चला कि नितेश बिहार से मोबाइल फोन के जरिए पूरे नेटवर्क का संचालन करता था और ओडिशा तथा दिल्ली में अपने सहयोगियों को निर्देश देता था। ओडिशा से कूरियर कंपनी के माध्यम से गांजे की खेप भेजी जाती थी, जिसे दिल्ली में चंदन कुमार और विक्की कुमार प्राप्त करते थे।
पुलिस के अनुसार, नितेश पार्सल पर जानबूझकर गलत या अधूरे डिलीवरी पते दर्ज कराता था। इससे कूरियर कर्मियों को पार्सल पहुंचाने के लिए उस पर दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क करना पड़ता था। इसके बाद वह अपने सहयोगियों के साथ समन्वय कर खेप की डिलीवरी सुनिश्चित करता था।
पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान एक और खेप के ओडिशा से दिल्ली पहुंचने की जानकारी मिली। गांजे को आरओ वाटर प्यूरीफायर के कार्टन में छिपाकर भेजे जाने की आशंका थी। इसके बाद पुलिस टीम ने विभिन्न कूरियर कार्यालयों में पूछताछ की और ख्याला इलाके में संभावित डिलीवरी स्थल का पता लगाया।
पुलिस ने पार्सल लेने आने वाले व्यक्ति को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। इसी दौरान 22 वर्षीय विक्की कुमार को ख्याला के विष्णु गार्डन स्थित एस ब्लॉक के पास उस समय पकड़ा गया, जब वह कथित तौर पर खेप लेने पहुंचा था। उसके पास से 4.206 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। इसके साथ ही मामले में कुल बरामद गांजे की मात्रा 26.466 किलोग्राम हो गई।
पुलिस की जांच में आरोप है कि विक्की कुमार, नितेश कुमार के निर्देश पर गांजे की खेप प्राप्त करता और उसे दिल्ली में स्थानीय नशा तस्करों तक पहुंचाता था। मामले में नेटवर्क के अन्य संभावित संपर्कों और तस्करी से जुड़े पहलुओं की जांच की जा रही है।
--आईएएनएस
डीएससी
Leave A Reviews