नई दिल्ली, 26 अगस्त (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में एच1एन1 (स्वाइन फ्लू) के बढ़ते मामलों को लेकर दिल्ली मेडिकल एसोसिएशन (डीएमए) ने चिंता जताई है। एसोसिएशन के अनुसार, दिल्ली में अब तक 2,000 से अधिक एच1एन1 मामले सामने आ चुके हैं। डीएमए ने लोगों से घबराने की बजाय सतर्क रहने और संक्रमण से बचाव के लिए जरूरी सावधानियां अपनाने की अपील की है।
![]()
नई दिल्ली, 26 अगस्त (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में एच1एन1 (स्वाइन फ्लू) के बढ़ते मामलों को लेकर दिल्ली मेडिकल एसोसिएशन (डीएमए) ने चिंता जताई है। एसोसिएशन के अनुसार, दिल्ली में अब तक 2,000 से अधिक एच1एन1 मामले सामने आ चुके हैं। डीएमए ने लोगों से घबराने की बजाय सतर्क रहने और संक्रमण से बचाव के लिए जरूरी सावधानियां अपनाने की अपील की है।
डीएमए ने कहा कि वह दिल्ली में इन्फ्लूएंजा की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और संक्रमण से जुड़ी बीमारी और मृत्यु दर की निगरानी कर रही है। मौसमी इन्फ्लूएंजा के मामलों में बढ़ोतरी को देखते हुए लोगों को व्यक्तिगत और श्वसन स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है।
एसोसिएशन ने कहा कि खांसते या छींकते समय मुंह और नाक को रूमाल या टिश्यू से ढकें। साबुन और पानी से नियमित रूप से हाथ धोएं या अल्कोहल आधारित सैनिटाइजर का इस्तेमाल करें। बिना हाथ धोए आंख, नाक और मुंह को छूने से बचें।
डीएमए ने भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचने, फ्लू जैसे लक्षण वाले लोगों से दूरी बनाए रखने, पर्याप्त आराम करने, पौष्टिक भोजन और पर्याप्त मात्रा में तरल पदार्थ लेने की सलाह दी है। सार्वजनिक स्थानों पर थूकने से बचने और फ्लू के लक्षण होने पर एन95 मास्क पहनने की भी अपील की गई है। डॉक्टरों और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों को अस्पतालों, क्लीनिकों और ओपीडी में मास्क पहनने की सलाह दी गई है।
डीएमए ने फ्लू जैसे लक्षण होने पर हाथ मिलाने या गले मिलने से बचने की सलाह दी है। साथ ही बिना डॉक्टर की सलाह के एंटीबायोटिक या एंटीवायरल दवाएं नहीं लेने और बीमार होने पर रिश्तेदारों व दोस्तों से मिलने से परहेज करने को कहा है।
एसोसिएशन ने कहा कि जिन लोगों ने हाल ही में यात्रा की है या ऐसे क्षेत्रों से लौटे हैं जहां इन्फ्लूएंजा के मामले बढ़े हुए हैं, वे कम से कम 10 दिनों तक अपने स्वास्थ्य पर नजर रखें। यदि इस दौरान फ्लू जैसे लक्षण दिखाई दें तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में संपर्क करें। बाजारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और सार्वजनिक परिवहन में मास्क का इस्तेमाल करने की भी सलाह दी गई है।
डीएमए के अनुसार, दिल्ली सरकार ने मौसमी इन्फ्लूएंजा के बढ़ते मामलों से निपटने के लिए अस्पतालों में पर्याप्त बेड, डॉक्टर, दवाइयां और जरूरी चिकित्सा उपकरण उपलब्ध कराने की तैयारी की है। जिला चिकित्सा अधिकारियों, सर्विलांस अधिकारियों और अस्पतालों को इन्फ्लूएंजा जैसी बीमारी और गंभीर श्वसन संक्रमण के मामलों की स्क्रीनिंग, रिपोर्टिंग और निगरानी के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
डीएमए ने कहा कि मरीजों के उपचार, होम केयर, मास्क के उपयोग और गंभीर मरीजों के प्रबंधन संबंधी तकनीकी दिशानिर्देश पहले ही जारी किए जा चुके हैं और स्वास्थ्यकर्मियों को भी प्रशिक्षण दिया जा रहा है। एसोसिएशन ने लोगों से अपील की कि वे अफवाहों से बचें, घबराएं नहीं और समय पर डॉक्टर से सलाह लेकर तथा सामान्य सावधानियां अपनाकर संक्रमण के प्रसार को रोकने में सहयोग करें।
--आईएएनएस
डीएससी
Leave A Reviews