Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

दिल्ली: पत्नी पर फायरिंग कर फरार हुआ पति गिरफ्तार, अवैध पटाखा फैक्ट्री का भंडाफोड़

नई दिल्ली, 15 अक्टूबर (आईएएनएस)। दिल्ली पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाइयों में दो मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वेलकम थाना पुलिस ने पत्नी पर गोली चलाने के आरोपी को घटना के कुछ ही घंटों के भीतर पकड़ लिया। आरोपी के कब्जे से एक देसी कट्टा और दो कारतूस बरामद किए गए हैं। वहीं, हर्ष विहार थाना पुलिस और एएटीएस की टीम ने मंडोली गांव में एक मकान में चल रही पटाखा फैक्ट्री पर छापा मारकर 567 किलोग्राम अवैध पटाखे और संबंधित सामग्री जब्त की। इस मामले में मोहम्मद तैयब नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। एडिशनल डीसीपी संदीप लांबा ने दोनों मामलों की जानकारी देते हुए पुलिस की कार्रवाई का ब्योरा साझा किया।

संदीप लांबा ने आईएएनएस को बताया कि वेलकम इलाके में गोलीबारी की घटना शाम करीब आठ से साढ़े आठ बजे के बीच हुई। आरोप है कि एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी पर गोली चलाई और मौके से फरार हो गया। इसके बाद भी वह कथित तौर पर पत्नी के संपर्क में था और उसे लगातार धमकी दे रहा था। महिला ने पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद वेलकम थाना पुलिस की वर्दीधारी और सादे कपड़ों में तैनात टीमें सक्रिय हो गईं। पीड़िता ने पुलिसकर्मियों को अपने पति की तस्वीर उपलब्ध कराई, जिसे टीम के सदस्यों के बीच साझा किया गया।

इसके बाद पुलिसकर्मियों ने इलाके के विभिन्न बाजारों में आरोपी की तलाश शुरू कर दी। पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी आसपास ही घूम रहा है। एडिशनल डीसीपी ने बताया कि आरोपी के कपड़ों के आधार पर पुलिस टीम ने उसे पहचान लिया और कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से एक देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। संदीप लांबा ने बताया कि पति-पत्नी के बीच आपसी विवाद चल रहा था और आरोपी कथित तौर पर अपनी पत्नी को सबक सिखाना चाहता था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

दूसरी कार्रवाई में हर्ष विहार थाना पुलिस और एएटीएस की टीम ने मंडोली गांव की गली नंबर 12 में छापा मारा। पुलिस के अनुसार, मोहम्मद तैयब ने एक मकान किराए पर लेकर उसमें पटाखे बनाने की फैक्ट्री स्थापित की थी।

एडिशनल डीसीपी संदीप लांबा ने बताया कि दिवाली का सीजन नजदीक आने के कारण आरोपी पटाखे बनाकर बेचने की तैयारी कर रहा था। स्थानीय पुलिस टीम को इसकी जानकारी मिली, जिसके बाद फैक्ट्री पर छापा मारा गया। कार्रवाई के दौरान कुल 567 किलोग्राम अवैध पटाखे और संबंधित सामग्री बरामद की गई। पुलिस ने आरोपी मोहम्मद तैयब को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने पटाखे बनाने के लिए सामग्री कहां से हासिल की और इसकी आपूर्ति किन-किन स्रोतों से हुई। दोनों मामलों में पुलिस की आगे की जांच जारी है।

--आईएएनएस

पीएसके

Date & Time : 2026-10-15 17:40:02

Share:

Leave A Reviews

Related News