नई दिल्ली, 2 सितंबर (आईएएनएस)। दिल्ली पुलिस की एंटी-स्नैचिंग एंड बर्गलरी (एएसबी) सेल ने पूर्वी जिले में वाहन चोरी और स्नैचिंग की घटनाओं के सिलसिले में दो आरोपियों को पकड़ा है। आरोपियों में एक नाबालिग भी शामिल है। इन गिरफ्तारियों के साथ पुलिस ने वाहन चोरी के दो मामलों को सुलझाया है।
![]()
नई दिल्ली, 2 सितंबर (आईएएनएस)। दिल्ली पुलिस की एंटी-स्नैचिंग एंड बर्गलरी (एएसबी) सेल ने पूर्वी जिले में वाहन चोरी और स्नैचिंग की घटनाओं के सिलसिले में दो आरोपियों को पकड़ा है। आरोपियों में एक नाबालिग भी शामिल है। इन गिरफ्तारियों के साथ पुलिस ने वाहन चोरी के दो मामलों को सुलझाया है।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, 30 अगस्त को शिकायतकर्ता अशोक कुमार ने अपनी मोटरसाइकिल की चोरी के बारे में ऑनलाइन रिपोर्ट दर्ज कराई, जो उसी दिन चोरी हो गई थी। इसके बाद पांडव नगर थाने में धारा 305(बी) के तहत ई-एफआईआर दर्ज की गई और फिर पुलिस ने आगे की जांच शुरू की।
अपराधियों को पकड़ने के लिए एंटी-स्नैचिंग एंड बर्गलरी (एएसबी) सेल की एक टीम बनाई गई। टीम ने अपराध स्थल और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया। जांच के दौरान, दिल्ली के त्रिलोकपुरी निवासी 22 साल के तुषार उर्फ गट्टू का मोटरसाइकिल चोरी में शामिल होना पता चला। पुलिस मुखबिर नेटवर्क के जरिए इस जानकारी को और पुख्ता किया गया। एक खास सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया गया।
पुलिस के अनुसार, पकड़े जाने के समय आरोपी ने वही कपड़े पहने हुए थे जो उसने घटना के दिन पहने थे, जिससे सीसीटीवी-आधारित जांच की पुष्टि हुई। उसकी निशानदेही पर चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई। आगे की जांच में एक और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई, जिसे मयूर विहार पुलिस स्टेशन इलाके से चुराया गया था।
जांच के दौरान, तुषार ने बताया कि उसने एक नाबालिग के साथ मिलकर मयूर विहार और पांडव नगर पुलिस स्टेशन इलाकों में कई स्नैचिंग की घटनाओं को अंजाम दिया था, जिसमें कथित तौर पर बरामद मोटरसाइकिल का इस्तेमाल किया गया था। उसके खुलासे और दी गई जानकारी के आधार पर नाबालिग को भी पकड़ लिया गया।
पूछताछ के दौरान, पकड़े गए लोगों ने मौजूदा मामलों और स्नैचिंग की अन्य घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उन्होंने बताया कि वे आर्थिक रूप से कमजोर पृष्ठभूमि से हैं और अपनी बुनियादी जरूरतों को पूरा करने के लिए चोरी और स्नैचिंग का रास्ता अपनाया। उन्होंने स्मैक की लत के बारे में भी बताया। फिलहाल, इन खुलासों की पुष्टि की जा रही है।
--आईएएनएस
डीसीएच/
Leave A Reviews