Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

दिल्ली पुलिस ने 50 लाख रुपए की साइबर ठगी का किया खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार


नई दिल्ली, 10 नवंबर (आईएएनएस)। दिल्ली पुलिस की इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रेटेजिक ऑपरेशंस यूनिट ने होटल कंपनी के प्रबंध निदेशक (एमडी) बनकर की गई 50 लाख रुपए की साइबर ठगी के मामले का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में बैंक खाता उपलब्ध कराने और उसका संचालन करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अदालत के आदेश पर ठगी की पूरी 50 लाख रुपए की रकम शिकायतकर्ता को वापस दिला दी गई है। इसके अलावा 48 लाख रुपए के एक अन्य ट्रांजैक्शन को भी समय रहते रोक लिया गया।

नई दिल्ली, 10 नवंबर (आईएएनएस)। दिल्ली पुलिस की इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रेटेजिक ऑपरेशंस यूनिट ने होटल कंपनी के प्रबंध निदेशक (एमडी) बनकर की गई 50 लाख रुपए की साइबर ठगी के मामले का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में बैंक खाता उपलब्ध कराने और उसका संचालन करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अदालत के आदेश पर ठगी की पूरी 50 लाख रुपए की रकम शिकायतकर्ता को वापस दिला दी गई है। इसके अलावा 48 लाख रुपए के एक अन्य ट्रांजैक्शन को भी समय रहते रोक लिया गया।

पुलिस के अनुसार, यह मामला 21 अक्टूबर 2026 को दर्ज ई-एफआईआर संख्या 00174/2026 के तहत सामने आया। शिकायत लक्स ओपेरा होटल्स एंड रिसॉर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के वित्त प्रबंधक राजीव कुमार ने दर्ज कराई थी।

शिकायत में बताया गया कि एक साइबर ठग ने कंपनी के प्रबंध निदेशक का नाम और फोटो इस्तेमाल कर व्हाट्सएप पर फर्जी पहचान बनाई। आरोपी ने शिकायतकर्ता के फोन में असली एमडी का नंबर ब्लॉक कर दिया और अपने नंबर को 'एमडी सर" नाम से सेव करा लिया। विश्वसनीयता और तात्कालिकता का माहौल बनाकर उसने 16 अक्टूबर 2026 को शिकायतकर्ता से 50 लाख रुपए पश्चिम बंगाल स्थित बंधन बैंक के खाते में ट्रांसफर करा लिए।

यह खाता एम/एस न्यू स्टार सोफा मेकर के नाम पर था। बाद में 21 अक्टूबर को आरोपी ने एक और 48 लाख रुपए एन एस ट्रेडर्स नामक फर्म के इंडसइंड बैंक खाते में भेजने के लिए कहा। हालांकि, कंपनी ने एमडी से स्वतंत्र रूप से पुष्टि की, जिससे दूसरी ठगी की कोशिश विफल हो गई।

जांच के दौरान आईएफएसओ की टीम ने 50 लाख रुपए की पूरी राशि को ट्रेस कर संबंधित बैंक खाते में होल्ड करवा दिया। बाद में अदालत के आदेश के तहत पूरी रकम शिकायतकर्ता को लौटा दी गई।

जांच में पता चला कि लाभार्थी खाता रज्जब अली के नाम पर खोला गया था, जो एक सोफा निर्माता के रूप में काम करता था। पुलिस ने तकनीकी जांच के आधार पर बैंक खाते से जुड़े मोबाइल नंबरों और उपकरणों का विश्लेषण किया। जांच के दौरान पुलिस ने खाते की चेकबुक और बैंक खाते से जुड़ा सिम कार्ड भी बरामद किया।

अंतरराज्यीय जांच के दौरान महाराष्ट्र के ठाणे में दो आरोपियों अंकेश यादव (25) और समीर शेख (30) को चिन्हित कर 30 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में अंकेश यादव ने बताया कि उसने कुछ लोगों के कहने पर समीर शेख को बैंक खाता उपलब्ध कराने के लिए तैयार किया था। वहीं, समीर शेख ने स्वीकार किया कि उसने रज्जब अली के नाम पर बैंक खाता खुलवाया, उससे जुड़े सिम का प्रबंधन किया और बैंक किट अन्य लोगों को सौंप दी।

पुलिस अब रज्जब अली, कथित मास्टरमाइंड और इस धोखाधड़ी में शामिल अन्य लोगों की तलाश कर रही है। दिल्ली पुलिस ने लोगों और संस्थानों को सलाह दी है कि व्हाट्सएप या अन्य डिजिटल माध्यमों से मिलने वाले किसी भी तत्काल वित्तीय निर्देश की पुष्टि संबंधित वरिष्ठ अधिकारी से पहले से सत्यापित नंबर पर संपर्क करके अवश्य करें।

संगठनों को भुगतान संबंधी आंतरिक प्रक्रियाओं को और मजबूत करने तथा किसी भी साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तुरंत राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल या हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराने को कहा गया है।

--आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी

Date & Time : 2026-11-10 22:00:03

Share:

Leave A Reviews

Related News