गौतमबुद्धनगर, 3 नवंबर (आईएएनएस)। दीपावली के त्योहार से पहले लोगों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए गौतमबुद्धनगर का खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर मंगलवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की अलग-अलग टीमों ने नोएडा और ग्रेटर नोएडा में मिठाई बनाने वाली इकाइयों पर छापेमारी की। इस दौरान कई निर्माणशालाओं में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और साफ-सफाई में गंभीर लापरवाही सामने आई।
![]()
गौतमबुद्धनगर, 3 नवंबर (आईएएनएस)। दीपावली के त्योहार से पहले लोगों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए गौतमबुद्धनगर का खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर मंगलवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की अलग-अलग टीमों ने नोएडा और ग्रेटर नोएडा में मिठाई बनाने वाली इकाइयों पर छापेमारी की। इस दौरान कई निर्माणशालाओं में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और साफ-सफाई में गंभीर लापरवाही सामने आई।
विभागीय टीमों ने कुल सात खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे हैं। वहीं, प्रथम दृष्टया प्रदूषित और मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त पाए जाने पर करीब 400 किलो रसगुल्ले और 450 किलो बूंदी को नष्ट कराने अथवा सीज करने की कार्रवाई की गई।
सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि दीपावली के दौरान मिठाइयों की मांग बढ़ने के मद्देनजर मिलावट और अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य पदार्थों के निर्माण पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी विशाल कुमार गुप्ता और रितु सक्सैना की टीम ने गढ़ी चौखंडी, सेक्टर-121 नोएडा स्थित गणेश स्वीट की निर्माणशाला पर जांच की। यहां से बूंदी के लड्डू का एक नमूना संग्रहित किया गया। इसी तरह खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओपी सिंह और अमर बहादुर सरोज की टीम ने बिलासपुर, दनकौर, ग्रेटर नोएडा स्थित सुंदर सिंह की मिठाई निर्माणशाला पर छापेमारी की।
यहां से छेना और रसगुल्ले के एक-एक नमूने लिए गए। जांच के दौरान निर्माणशाला में रखे करीब 100 किलो रसगुल्लों में मक्खी और मच्छर पड़े मिले। मिठाई प्रदूषित अवस्था में पाई गई और प्रथम दृष्टया मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त प्रतीत हुई। इसके बाद टीम ने करीब 100 किलो रसगुल्लों को मौके पर ही नष्ट करा दिया। इसके बाद इसी टीम ने बिशनपुर, सेक्टर-58 नोएडा स्थित सोनू मिठाई निर्माणशाला का निरीक्षण किया। यहां से बूंदी के लड्डू का एक नमूना जांच के लिए लिया गया।
वहीं, खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश कुमार और विजय बहादुर पटेल की टीम ने सेक्टर-62 के रसूलपुर नवादा स्थित सम्यक मिठाई वाले की निर्माणशाला पर कार्रवाई की। यहां से रसगुल्ले, बूंदी के लड्डू और बूंदी के एक-एक नमूने संग्रहित किए गए। निरीक्षण के दौरान करीब 450 किलो बूंदी को सीज किया गया। इसके अलावा करीब 300 किलो रसगुल्ले और मिठाई में मक्खी-मच्छर पाए जाने तथा प्रदूषित स्थिति में होने के कारण उन्हें मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त मानते हुए नष्ट करा दिया गया।
खाद्य विभाग की टीम को सम्यक मिठाई वाले की निर्माण इकाई में बेहद अस्वच्छ परिस्थितियों में मिठाइयों का निर्माण होता मिला। इसे गंभीरता से लेते हुए विभाग ने सुधार होने तक संबंधित प्रतिष्ठान का लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही, सुधारात्मक कार्रवाई पूरी होने तक कारोबार के संचालन पर रोक लगा दी गई है।
सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि मंगलवार को चलाए गए अभियान के दौरान कुल सात खाद्य नमूने संग्रहित किए गए हैं। छापेमारी और जांच की कार्रवाई देर रात तक जारी रहेगी। उन्होंने सभी मिठाई निर्माताओं और खाद्य कारोबारियों को निर्देश दिए हैं कि वे खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत लाइसेंसधारी अथवा पंजीकृत आपूर्तिकर्ताओं से ही खाद्य सामग्री खरीदें। प्रत्येक खरीद का बिल अनिवार्य रूप से प्राप्त करें।
इसके अलावा खाद्य सामग्री खरीदते और बेचते समय निर्माण तिथि, बैच नंबर और अन्य जरूरी जानकारियों की जांच अवश्य करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि दीपावली तक खाद्य प्रतिष्ठानों और मिठाई निर्माण इकाइयों की नियमित जांच जारी रहेगी। जिलाधिकारी के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत मिलावट, दूषित खाद्य पदार्थों की बिक्री और साफ-सफाई में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
--आईएएनएस
पीकेटी/डीकेपी
Leave A Reviews