
पांढुर्णा। जिला रोजगार कार्यालय छिंदवाड़ा/पांढुर्णा द्वारा शिक्षित बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 18 मार्च 2026 को जिला स्तरीय ‘युवा संगम’ (रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप) मेला आयोजित किया जा रहा है। यह मेला शासकीय आई.टी.आई. पांढुर्णा, अमरावती रोड परिसर में सुबह 11:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक आयोजित होगा।
कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ के दिशा-निर्देशों के तहत आयोजित इस रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की कई प्रतिष्ठित कंपनियाँ युवाओं को रोजगार एवं प्रशिक्षण के अवसर प्रदान करेंगी।
मेले में एमआरएफ टायर्स प्राइवेट लिमिटेड (दहेज) और अपोलो टायर्स प्राइवेट लिमिटेड (बड़ौदा) द्वारा मशीन ऑपरेटर एवं अप्रेंटिसशिप पदों पर भर्ती की जाएगी। इन पदों के लिए 12वीं अथवा आईटीआई उत्तीर्ण तथा 18 से 25 वर्ष आयु के अभ्यर्थी पात्र होंगे। चयनित उम्मीदवारों को ₹11,000 से ₹16,000 तक वेतनमान दिया जाएगा।
इसी प्रकार हाईली इलेक्ट्रिकल अप्लायन्स प्राइवेट लिमिटेड (अहमदाबाद) द्वारा मशीन ऑपरेटर पद के लिए 18 से 26 वर्ष आयु के युवाओं की भर्ती की जाएगी, जिसमें चयनित अभ्यर्थियों को ₹13,500 से ₹16,500 तक वेतनमान प्रदान किया जाएगा।
जिला रोजगार अधिकारी के अनुसार मेले में शामिल होने के इच्छुक अभ्यर्थियों को समग्र आईडी, रोजगार कार्यालय का जीवित पंजीयन, अपडेटेड बायोडाटा (रिज्यूम) तथा सभी आवश्यक मूल शैक्षणिक दस्तावेज साथ लेकर निर्धारित समय पर उपस्थित होना होगा।
यह रोजगार मेला जिला रोजगार कार्यालय छिंदवाड़ा/पांढुर्णा और जिला व्यापार उद्योग केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है, जो क्षेत्र के युवाओं को रोजगार से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।
Leave A Reviews