मुंबई, 11 नवंबर (आईएएनएस)। मुंबई पुलिस ने समतानगर और कुरार पुलिस स्टेशन क्षेत्र में सक्रिय कथित ड्रग्स विक्रेता और हिस्ट्रीशीटर इम्तियाज हुसैन सैयद उर्फ टिपू तथा उसकी गैंग के सदस्यों के खिलाफ महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) के तहत कार्रवाई की है।
![]()
मुंबई, 11 नवंबर (आईएएनएस)। मुंबई पुलिस ने समतानगर और कुरार पुलिस स्टेशन क्षेत्र में सक्रिय कथित ड्रग्स विक्रेता और हिस्ट्रीशीटर इम्तियाज हुसैन सैयद उर्फ टिपू तथा उसकी गैंग के सदस्यों के खिलाफ महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) के तहत कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार, 12 सितंबर की रात करीब 3 बजे कांदिवली पूर्व के हनुमान नगर स्थित महाराष्ट्र बिरयानी सेंटर में हुए विवाद के बाद इम्तियाज हुसैन सैयद उर्फ टिपू और उसके साथियों ने अनमोल डेयरी के पास शिकायतकर्ता और उसके दोस्तों पर हमला कर दिया था। आरोप है कि आरोपियों ने एकजुट होकर शिकायतकर्ता और उसके साथियों को धारदार चाकू दिखाकर धमकाया तथा पत्थरों और लकड़ी के डंडों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने उनकी हत्या का प्रयास भी किया।
इस मामले में समतानगर पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1), 118(2), 118(1), 115(2), 189(2), 189(4), 190, 191(2), 191(3), 351(2), 352 तथा महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की धारा 37 और 135 के तहत मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी इम्तियाज हुसैन सैयद उर्फ टिपू के खिलाफ समतानगर और कुरार पुलिस स्टेशनों में पहले से कुल 17 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इन मामलों में डकैती की तैयारी, डकैती, हत्या का प्रयास, गंभीर मारपीट, जान से मारने की धमकी, महिलाओं के खिलाफ अपराध, घातक हथियारों का इस्तेमाल, मादक पदार्थों की बिक्री और प्रतिबंधात्मक आदेशों के उल्लंघन जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार गैंग के अन्य सदस्यों के खिलाफ भी कई मामले दर्ज हैं। राज रवि शर्मा उर्फ कालू के खिलाफ 7 मामले दर्ज हैं। जितेश गंगाप्रसाद राजपूत के खिलाफ 2 मामले दर्ज हैं। केतन पांडुरंग गमरे के खिलाफ 2 मामले दर्ज हैं। राधा गंगाप्रसाद राजपूत के खिलाफ 2 मामले दर्ज हैं। मामले में एक नाबालिग की संलिप्तता भी सामने आई है, जिसके खिलाफ पहले से 2 मामले दर्ज हैं।
पुलिस का आरोप है कि इम्तियाज उर्फ टिपू ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर एक संगठित आपराधिक गैंग बना रखी थी और समतानगर तथा कुरार क्षेत्र में अपना प्रभाव स्थापित कर रखा था। जांच एजेंसियों के अनुसार, गैंग के सदस्य इलाके में दहशत का माहौल बनाए रखते थे, जिसके कारण स्थानीय लोग उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराने से भी कतराते थे।
पुलिस का यह भी आरोप है कि गैंग के जरिए इलाके में नशीले पदार्थों की बिक्री कर अवैध आर्थिक लाभ कमाया जा रहा था। साथ ही अपना आपराधिक वर्चस्व बनाए रखने के लिए गैंग लगातार विभिन्न गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल रहती थी।
इन्हीं आरोपों और आपराधिक गतिविधियों के आधार पर मुंबई पुलिस ने इम्तियाज हुसैन सैयद उर्फ टिपू और उसकी गैंग के सदस्यों के खिलाफ महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) के तहत कार्रवाई की है।
--आईएएनएस
एएमटी/डीकेपी
Leave A Reviews