नई दिल्ली, 18 सितंबर (आईएएनएस)। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) चुनाव के दौरान अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने शुक्रवार को नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) पर चुनाव में धांधली करने का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। डूसू चुनाव के दूसरे चरण के मतदान के दौरान एबीवीपी समर्थक लॉ सेंटर के बाहर पुलिस बैरिकेड्स पर चढ़ गए और एनएसयूआई के खिलाफ नारेबाजी की।
![]()
नई दिल्ली, 18 सितंबर (आईएएनएस)। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) चुनाव के दौरान अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने शुक्रवार को नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) पर चुनाव में धांधली करने का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। डूसू चुनाव के दूसरे चरण के मतदान के दौरान एबीवीपी समर्थक लॉ सेंटर के बाहर पुलिस बैरिकेड्स पर चढ़ गए और एनएसयूआई के खिलाफ नारेबाजी की।
एबीवीपी के राष्ट्रीय महामंत्री वीरेंद्र सिंह सोलंकी ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "यह प्रदर्शन इसलिए किया जा रहा है, क्योंकि यहां एनएसयूआई ने चुनाव में धांधली करने की कोशिश की है। उन्हें एहसास हो गया है कि एबीवीपी जीत रही है और उनकी हताशा साफ दिखाई दे रही है। फर्जी मतदान कराने का प्रयास किया गया। एक लड़की फर्जी पहचान पत्र के साथ अंदर जाकर मतदान कर रही थी। उसने स्वीकार किया है कि वह एनएसयूआई से जुड़ी है और उसके जैसे 100 से अधिक लोग अंदर गए हैं।"
उन्होंने कहा, "जब तक ऐसे लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ मामला दर्ज नहीं किया जाता, तब तक मतदान दोबारा शुरू नहीं होना चाहिए। यह एबीवीपी की मांग है।" सोलंकी ने दावा किया कि मतदान के पहले चरण में एबीवीपी को मिले अभूतपूर्व समर्थन से एनएसयूआई बौखला गई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि एनएसयूआई अराजकता फैलाने, हिंसा करने और फर्जी मतदान कराने की कोशिश कर रही है। फर्जी वोटिंग स्लिप भी बांटी गई हैं, जिन पर एबीवीपी का नाम और एनएसयूआई का बैलेट नंबर छपा हुआ है। ऐसी स्लिप बांटने वाले एक व्यक्ति को हमने पकड़ा, जिसने खुद को एनएसयूआई कार्यकर्ता बताया। उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
उन्होंने कहा, "फर्जी मतदान जैसी हरकतें इसलिए की जा रही हैं, क्योंकि उन्हें हार का डर सता रहा है। यह कांग्रेस की उस राजनीति का अनुसरण कर रही है, जो लोगों को भ्रमित करने पर आधारित है।"
डूसू अध्यक्ष आर्यन मान ने भी कहा, "हार की हताशा में एनएसयूआई अब वोट चोरी का सहारा ले रही है। वह छात्रों के फर्जी पहचान पत्र बनाकर और नकली तस्वीरों के जरिए लोगों को मतदान के लिए अंदर भेज रही है। जब तक लॉ सेंटर-2 के छात्र मतदाताओं को न्याय नहीं मिलता, तब तक हम लॉ सेंटर-1 में मतदान शुरू नहीं होने देंगे।"
इस बीच, डूसू अध्यक्ष ने दिल्ली हाईकोर्ट के उस आदेश का स्वागत किया, जिसमें चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद उम्मीदवारों, छात्रों, समर्थकों और अन्य लोगों को विजय जुलूस निकालने से रोक दिया गया है। अदालत ने चेतावनी दी है कि आदेश का उल्लंघन करने पर आपराधिक और प्रशासनिक कार्रवाई की जा सकती है तथा इसे अदालत की अवमानना भी माना जा सकता है।
आर्यन मान ने कहा, "अब जब एबीवीपी चुनाव में बड़ी जीत हासिल करेगी, तब भी हम विजय जुलूस नहीं निकालेंगे।"
--आईएएनएस
डीके/वीसी
Leave A Reviews