Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

एएफसी अंडर-17 एशियन कप 2027 क्वालीफायर के लिए भारत की 23 सदस्यीय टीम का ऐलान


नई दिल्ली, 30 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारत की अंडर-17 पुरुष राष्ट्रीय टीम के मुख्य कोच मेराजुद्दीन वाडू ने एएफसी अंडर-17 एशियन कप उज्बेकिस्तान 2027 क्वालीफायर के लिए 23 सदस्यीय टीम चुनी है। यह टूर्नामेंट 11 से 20 नवंबर तक मलेशिया के कुआलालंपुर में आयोजित किया जाएगा।

नई दिल्ली, 30 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारत की अंडर-17 पुरुष राष्ट्रीय टीम के मुख्य कोच मेराजुद्दीन वाडू ने एएफसी अंडर-17 एशियन कप उज्बेकिस्तान 2027 क्वालीफायर के लिए 23 सदस्यीय टीम चुनी है। यह टूर्नामेंट 11 से 20 नवंबर तक मलेशिया के कुआलालंपुर में आयोजित किया जाएगा।

भारत लगातार दूसरी बार इस महाद्वीपीय टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई करने का लक्ष्य रखेगा। भारत को ग्रुप ई में मेजबान मलेशिया, फिलिस्तीन, सिंगापुर और गुआम के साथ रखा गया है। भारत अपने क्वालीफाइंग अभियान की शुरुआत 11 नवंबर को सिंगापुर के खिलाफ करेगा। इसके बाद 14 नवंबर को गुआम, 17 नवंबर को फिलिस्तीन और 20 नवंबर को मलेशिया के खिलाफ मैच खेले जाएंगे।

सभी मैच सेलायांग के एमपी सेलायांग स्टेडियम में खेले जाएंगे। केवल ग्रुप विजेता ही फाइनल टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई करेंगे, जो 12 से 29 मई 2027 तक उज्बेकिस्तान में आयोजित होगा। अपनी अंतिम तैयारियों के तहत भारतीय टीम 1 और 4 नवंबर को रास अल खैमाह में संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के खिलाफ दो अंतरराष्ट्रीय मैत्री मैच खेलेगी। दोनों मैच भारतीय समयानुसार रात 8:30 बजे शुरू होंगे।

यही 23 सदस्यीय टीम इन दो मैत्री मैचों में खेलेगी और इसके बाद 5 नवंबर को सीधे कुआलालंपुर के लिए रवाना होगी, जहां क्वालीफायर खेले जाएंगे। भारतीय अंडर-17 टीम ने हाल ही में इस महीने की शुरुआत में थानलिन में म्यांमार के खिलाफ दो मैत्री मैच खेले थे। पहला मैच 1-1 से ड्रॉ रहा, जबकि दूसरे मैच में भारत ने 4-0 से शानदार जीत दर्ज की। म्यांमार दौरे के बाद टीम ने गोवा में अपना तैयारी कैंप जारी रखा और 30 अक्टूबर को यूएई के लिए रवाना हो गई। इस टीम में तीन गोलकीपर, आठ डिफेंडर, छह मिडफील्डर और छह फॉरवर्ड खिलाड़ी शामिल हैं।

भारतीय अंडर-17 टीम:

गोलकीपर: अर्नव पंधारे, मारूफ शफी और न्यूटन इरेंगबाम।

डिफेंडर: जिनेश थौदाम, लॉमसांगजुआला, लियो थोंगबाम, मालेम लैशराम, मालसावमट्लुआंगा, सैलेक्स ओइनम, मालदीनो सिंह युमनाम और जोरमडिनथारा।

मिडफील्डर: डल्लालमुओन गैंगटे, हेन्थोइबा कीसम, डेविड मैंगांग इरोम, मुकुंदो सिंह निंगथौजाम, आर लॉमसांगजुआला और थियाम सांबे।

फॉरवर्ड: हृषिकेश चरण मानवथी, कामगौहाओ डोंगेल, एमडी साहिर अली, राज सिंह वाहेंगबाम, रिस्तिक मैती और फेलिक्स मैतेई सैखोम।

भारत का क्वालीफाइंग अभियान सिंगापुर के खिलाफ भारतीय समयानुसार शाम 6:30 बजे शुरू होगा, जबकि गुआम और फिलिस्तीन के खिलाफ मैच भारतीय समयानुसार दोपहर 1 बजे शुरू होगा। मलेशिया के खिलाफ अंतिम ग्रुप-स्टेज मैच 20 नवंबर को शाम 6:30 बजे आईएसटी पर निर्धारित है।

--आईएएनएस

एसएम/डीकेपी

Date & Time : 2026-10-30 19:45:04

Share:

Leave A Reviews

Related News