Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

मिस्र बस हादसा: दक्षिण सिनाई में बस पलटने से 16 की मौत, 28 घायल


काहिरा। मिस्र के दक्षिण सिनाई प्रांत में बुधवार को एक बस के पलट जाने से 16 लोगों की मौत हो गई और 28 घायल हो गए। स्थानीय मीडिया ने मिस्र के स्वास्थ्य एवं जनसंख्या मंत्रालय के हवाले से यह जानकारी दी।

‘इजिप्ट टुडे’ की रिपोर्ट के अनुसार, हादसा अल-सादा इलाके से पहले उस समय हुआ, जब बस दहाब-नुवेइबा मार्ग से नुवेइबा की ओर जा रही थी। दुर्घटना की सूचना मिलते ही 20 एंबुलेंस मौके पर भेजी गईं। एंबुलेंस कर्मियों ने घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद अस्पताल पहुंचाया।

मिस्र के स्वास्थ्य मंत्री खालिद अब्देल गफ्फार ने अधिकारियों को घायलों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। वहीं, सामाजिक एकजुटता मंत्री माया मोर्सी ने हादसे से प्रभावित लोगों के लिए तत्काल राहत सहायता उपलब्ध कराने और आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।

मिस्र में सड़क दुर्घटनाओं का सिलसिला नया नहीं है। अगस्त में इस्माइलिया प्रांत में कामगारों को ले जा रहे दो वाहनों की टक्कर में 18 लोगों की मौत और 30 लोग घायल हुए थे। ‘अहराम ऑनलाइन’ के अनुसार, यह हादसा अल-शबाब बिजली स्टेशन के पास अल-दवाविस लिंक रोड पर हुआ था।

हादसे के बाद सुरक्षा बल और एंबुलेंस दल तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे थे। घायलों को इलाज के लिए कसासीन सेंट्रल अस्पताल ले जाया गया था। अधिकारियों ने दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू की थी।

मिस्र में सड़क सुरक्षा एक गंभीर चुनौती बनी हुई है। केंद्रीय एजेंसी फॉर पब्लिक मोबिलाइजेशन एंड स्टैटिस्टिक्स (सीएपीएमएएस) के आंकड़ों के अनुसार, 2025 में सड़क दुर्घटनाओं में मौतों की संख्या 10.8 प्रतिशत बढ़कर 5,829 हो गई। इसी अवधि में सड़क हादसों में घायल होने वालों की संख्या भी 10.7 प्रतिशत बढ़कर 84,553 हो गई।

आंकड़ों के मुताबिक, 2025 में 15 वर्ष से कम उम्र के बच्चों में सड़क दुर्घटनाओं के कारण सबसे अधिक मौतें दर्ज की गईं। इस आयु वर्ग में 1,580 बच्चों की मौत हुई, जबकि 29,101 बच्चे घायल हुए।

दक्षिण सिनाई में ताजा हादसे ने मिस्र में सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों के पालन और दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Share:

Leave A Reviews

Related News