मुंबई, 14 मई (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘ऊर्जा बचत’ अपील के बाद महाराष्ट्र में सियासी हलचल देखने को मिल रही है। मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री द्वारा अपने काफिले में गाड़ियों की संख्या घटाने और वैकल्पिक परिवहन अपनाने के फैसले पर उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह कदम देशहित में लिया गया है। उन्होंने विपक्ष की आलोचनाओं पर भी पलटवार किया।
![]()

एकनाथ शिंदे ने कहा कि प्रधानमंत्री ने गंभीर परिस्थितियों की वजह से ‘ऊर्जा बचत’ की अपील की है। इसको देश की जनता ने ठीक उसी तरह स्वीकार किया है, जैसे कोरोना के वक्त किया था। प्रधानमंत्री देश और राष्ट्र का हित पहले देखते हैं।
उन्होंने कहा कि मैं भी इलेक्ट्रिक कार से सफर कर रहा हूं। काफिले में सिर्फ जरूरी गाड़ियां ही शामिल हैं। मुख्यमंत्री खुद बाइक से सफर कर रहे हैं। बैठक में ऊर्जा बचत पर चर्चा हुई है। ऑनलाइन मीटिंग पर भी विचार किया जा रहा है। पेट्रोल और डीजल की बचत करने की अपील को सरकार ने गंभीरता से लिया है। पीएम की अपील पर हम अमल कर रहे हैं। उनकी इस अपील से सरकार को फायदा होगा।
काफिले में कटौती और बाइक से सीएम की यात्रा पर विपक्ष की टिप्पणियों पर उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है, मजाक उड़ाने के अलावा उनके पास क्या है? कोरोना काल में भी जब पीएम मोदी ने अपील की थी, तब भी विपक्ष ने मजाक उड़ाया था। पीएम हमेशा ‘नेशन फर्स्ट’ की बात करते हैं और विपक्ष को यह मजाक लगता है।
एकनाथ शिंदे ने कहा कि प्रधानमंत्री पर तीखी टिप्पणी करने पर जनता सबक सिखाती है। उन्होंने पूछा कि आज कांग्रेस कहां है? जो लोग भी प्रधानमंत्री पर तीखी टिप्पणी करेंगे, जनता उन्हें सबक जरूर सिखाएगी।
इससे पहले मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा था कि देश की मौजूदा स्थिति को देखते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने सभी को आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है। इस संदर्भ में, हम सभी को यथासंभव पेट्रोल, डीजल और अन्य संसाधनों की खपत कम करने का प्रयास करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि हमने पहले ही अपने काफिले का आकार कम कर दिया है और अनावश्यक उपयोग को कम करने के प्रयास किए हैं। मैं भी इस निर्णय का समर्थन करने के लिए मोटरसाइकिल पर यहां आया हूं, ताकि यह संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके।
--आईएएनएस
एएमटी/एबीएम
Leave A Reviews