नई दिल्ली, 27 जुलाई (आईएएनएस)। एयर इंडिया ने सोमवार को पर्यटन मंत्रालय के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस साझेदारी का उद्देश्य भारत को वैश्विक स्तर पर एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में बढ़ावा देना और देश को एक महत्वपूर्ण एविएशन एवं ट्रांजिट हब के रूप में मजबूत करना है।
![]()
नई दिल्ली, 27 जुलाई (आईएएनएस)। एयर इंडिया ने सोमवार को पर्यटन मंत्रालय के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस साझेदारी का उद्देश्य भारत को वैश्विक स्तर पर एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में बढ़ावा देना और देश को एक महत्वपूर्ण एविएशन एवं ट्रांजिट हब के रूप में मजबूत करना है।
एयर इंडिया की ओर से जारी बयान के अनुसार, इस समझौते के तहत पर्यटन प्रचार, ट्रैवल ट्रेड एंगेजमेंट, ट्रांजिट टूरिज्म और यात्रियों के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए दोनों पक्ष मिलकर काम करेंगे। इसके लिए एयर इंडिया के तेजी से बढ़ते वैश्विक नेटवर्क और पर्यटन मंत्रालय के 'इन्क्रेडिबल इंडिया' ब्रांड का उपयोग किया जाएगा, ताकि भारत आने वाले विदेशी पर्यटकों की संख्या बढ़ाई जा सके और देश की वैश्विक पहचान मजबूत हो।
समझौते के तहत एयर इंडिया और पर्यटन मंत्रालय डिजिटल प्लेटफॉर्म, सोशल मीडिया, इन-फ्लाइट ब्रांडिंग और अन्य उपभोक्ता-केंद्रित माध्यमों पर संयुक्त वैश्विक मार्केटिंग अभियान चलाएंगे। साथ ही एयर इंडिया के विभिन्न संपर्क बिंदुओं (टचपॉइंट्स) पर 'इन्क्रेडिबल इंडिया' ब्रांडिंग को भी विस्तार देने की संभावनाओं पर काम किया जाएगा।
कंपनी ने कहा कि इस सहयोग के जरिए दुनिया भर के यात्रियों को भारत की समृद्ध संस्कृति, विरासत, प्राकृतिक सौंदर्य और विविध पर्यटन अनुभवों से परिचित कराया जाएगा, जिससे देश में पर्यटन को नई गति मिलेगी।
एयर इंडिया के मुख्य वाणिज्यिक अधिकारी (सीसीओ) निपुण अग्रवाल ने कहा कि एयर इंडिया अपने नाम के साथ भारत की पहचान लेकर चलती है, इसलिए दुनिया के सामने देश की सकारात्मक छवि प्रस्तुत करना उसकी विशेष जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि एयर इंडिया का लगातार बढ़ता वैश्विक नेटवर्क भारत आने वाले अधिक से अधिक पर्यटकों का स्वागत करेगा और यह साझेदारी दुनिया के सामने एक आत्मविश्वासी, आधुनिक और मेहमाननवाज भारत की तस्वीर पेश करेगी।
कंपनी के अनुसार, एयर इंडिया वर्तमान में पांच महाद्वीपों के 40 अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों के लिए उड़ानें संचालित करती है। एयरलाइन के नए आधुनिक विमान, डिजिटल प्लेटफॉर्म, इन-फ्लाइट सेवाएं और वैश्विक उपस्थिति 'इन्क्रेडिबल इंडिया' अभियान को दुनिया भर के यात्रियों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएंगे।
एयर इंडिया का अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क फिलहाल उत्तर अमेरिका, ब्रिटेन और यूरोप, ऑस्ट्रेलिया, अफ्रीका तथा एशिया तक फैला हुआ है। इन क्षेत्रों में दुनिया की लगभग 95 प्रतिशत आबादी रहती है, जिससे भारत के पर्यटन को वैश्विक स्तर पर और अधिक बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
--आईएएनएस
डीबीपी
Leave A Reviews