Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

पश्चिम मामलों के विदेश सचिव सिबी जॉर्ज ने यूएनईएससीएपी के उप कार्यकारी सचिव से की मुलाकात

नई दिल्ली। भारत की राजधानी नई दिल्ली में रायसीना डायलॉग 2026 के 11वें संस्करण का आयोजन जारी है। इसमें दुनिया के अलग-अलग देशों से दिग्गज नेता शामिल होने के लिए भारत पहुंच रहे हैं। बैंकॉक में संयुक्त राष्ट्र के एशिया और प्रशांत क्षेत्र के लिए आर्थिक और सामाजिक आयोग (यूएनईएससीएपी) के पार्टनरशिप और कोऑर्डिनेशन के डिप्टी एग्जीक्यूटिव सेक्रेटरी शोंबी शार्प रायसीना डायलॉग में शामिल होने भारत पहुंचे हुए हैं। भारत के विदेश सचिव (पश्चिम) सिबी जॉर्ज ने शोंबी से मुलाकात की।

विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "सचिव (पश्चिम) सिबी जॉर्ज ने 6 मार्च 2026 को रायसीना डायलॉग 2026 के मौके पर बैंकॉक में संयुक्त राष्ट्र के एशिया और प्रशांत क्षेत्र के लिए आर्थिक और सामाजिक आयोग (यूएनईएससीएपी) के पार्टनरशिप और कोऑर्डिनेशन के डिप्टी एग्जीक्यूटिव सेक्रेटरी शोंबी शार्प से मुलाकात की।"

विदेश मंत्रालय ने लिखा, "शार्प ने सचिव (पश्चिम) को इस इलाके में यूएनईएससीएपी की आने वाली गतिविधियों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने इस इलाके में हाल के राजनीतिक घटनाक्रम पर भी अपने विचार साझा किए।"

इससे पहले सिबी जॉर्ज ने स्विट्जरलैंड के विदेश मंत्री एलेक्जेंडर फासेल से मुलाकात की। इस बैठक में अलग-अलग सेक्टर में आपसी सहयोग को मजबूत करने पर फोकस किया गया। बैठक के दौरान जॉर्ज और फासेल ने क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर भी विचार-विमर्श किया।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बैठक के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया, "पश्चिम मामलों के सचिव राजदूत सिबी जॉर्ज ने आज नई दिल्ली में 11वें रायसीना डायलॉग के दौरान स्विट्जरलैंड के विदेश मामलों के राज्य सचिव एलेक्जेंडर फासेल से मुलाकात की। विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने पर चर्चा हुई और क्षेत्रीय व वैश्विक विकास पर विचारों का आदान-प्रदान किया गया।

भारत-ईएफटीए व्यापार और आर्थिक साझेदारी समझौते (टीईपीए) के कार्यान्वयन से तकनीकी सहयोग बढ़ेगा, गुणवत्तापूर्ण निवेश आएगा और रोजगार के अवसर पैदा होंगे। विदेश मंत्रालय के अनुसार, भारत और स्विट्जरलैंड के बीच व्यावसायिक संपर्क 19वीं सदी की शुरुआत से ही रहे हैं। वर्ष 1851 में वोलकार्ट ट्रेडिंग कंपनी ने बासेल और मुंबई में अपने कार्यालय स्थापित किए थे।

रायसीना डायलॉग का 11वां संस्करण 5-7 मार्च तक नई दिल्ली में हो रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 5 मार्च को रायसीना डायलॉग का उद्घाटन किया था। फिनलैंड के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर स्टब उद्घाटन सत्र में बतौर चीफ गेस्ट शामिल हुए और अपना संबोधन दिया था।

Share:

Leave A Reviews

Related News