
बिजनौर। उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में नांगल सोती गंगा घाट पर स्नान के दौरान एक परिवार के चार सदस्य गंगा में डूब गए। इनमें 12 वर्षीय बालिका दिव्यानी को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि महिला सहित तीन लोग लापता हैं। उनकी तलाश के लिए गोताखोरों की मदद से अभियान चलाया जा रहा है। घटना के बाद घाट पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
जानकारी के अनुसार, नजीबाबाद के मोहल्ला रम्पुरा निवासी परिवार के सदस्य दिन में करीब 12 बजे नांगल सोती गंगा घाट पर स्नान करने पहुंचे थे। इसी दौरान 22 वर्षीय डॉली उर्फ गुड़िया, पत्नी अरविंद कुमार, 17 वर्षीय सूरज उर्फ छोटू, पुत्र राजू सैनी, 16 वर्षीय हर्षित, पुत्र प्रमोद और 12 वर्षीय दिव्यानी, पुत्री संजीव गंगा में डूब गए।
घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने प्रयास कर 12 वर्षीय दिव्यानी को गंगा से बाहर निकाल लिया। हालांकि, डॉली, सूरज और हर्षित का पता नहीं चल सका। इसके बाद गोताखोरों को नदी में उतारकर तीनों की तलाश शुरू की गई। बताया गया है कि डूबने वाले सभी लोग आपस में रिश्तेदार हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही एएसपी सिटी डॉ. केजी सिंह, एडीएम अंशिका दीक्षित और एसडीएम प्रशांत वर्मा घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारी राहत और तलाश अभियान की निगरानी कर रहे हैं। गोताखोर लगातार गंगा में खोजबीन कर रहे हैं।
घटना के करीब तीन घंटे बाद भी एनडीआरएफ या किसी अन्य विशेष टीम के तलाश अभियान में शामिल नहीं होने पर परिजनों ने नाराजगी जताई। परिजन तीनों लापता लोगों की तलाश के लिए तेज और व्यापक अभियान चलाने की मांग कर रहे हैं। फिलहाल गोताखोरों की मदद से गंगा में खोजबीन जारी है।
Leave A Reviews