
नई दिल्ली। भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने सोशल मीडिया पर मिली शिकायतों का कड़ा संज्ञान लेते हुए देश की दिग्गज फूड और ई-कॉमर्स कंपनियों के खिलाफ बड़ा एक्शन लिया है। नियामक संस्था (Regulator) ने स्वच्छता और सुरक्षा से जुड़ी खामियों को लेकर फास्ट-फूड चेन KFC, नेस्ले इंडिया (Nestlé India), फ्लिपकार्ट इंडिया (Flipkart India) और ओपन सीक्रेट (Open Secret) को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। FSSAI के इस सख्त कदम के बाद शुक्रवार को नेस्ले इंडिया के शेयरों में 3 प्रतिशत से अधिक की भारी गिरावट दर्ज की गई।
यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब सोशल मीडिया पर एक उपभोक्ता ने मैगी के पैकेट में कीड़ा/लार्वा (इंसेक्ट) होने की शिकायत दर्ज कराई। FSSAI ने तुरंत इस पर संज्ञान लेते हुए नेस्ले इंडिया को नोटिस थमा दिया। जैसे ही यह खबर बाजार में आई, शुक्रवार को शेयर बाजार में नेस्ले इंडिया लिमिटेड के शेयर 3 फीसदी से ज्यादा टूट गए, जिससे कंपनी को बड़ा वित्तीय नुकसान उठाना पड़ा है।
नेस्ले के अलावा, FSSAI ने ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म फ्लिपकार्ट इंडिया और फूड ब्रांड 'ओपन सीक्रेट' को भी नोटिस भेजा है। दरअसल, फ्लिपकार्ट की क्विक-कॉमर्स सेवा 'फ्लिपकार्ट मिनट्स' के जरिए डिलीवर किए गए ओपन सीक्रेट ब्रांड के खजूर (Dates) के पैकेट में कीड़े होने का आरोप लगा है। नियामक ने दोनों कंपनियों से उस समय अवधि के आंतरिक क्वालिटी चेक लॉग्स (Internal Quality Check Logs) मांगे हैं और पूछा है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए क्या कदम उठाए जा रहे हैं।
वहीं, मशहूर फास्ट-फूड चेन KFC को भी स्वच्छता से जुड़ी शिकायतों के बाद नोटिस जारी किया गया है। FSSAI ने इन सभी फूड बिजनेस ऑपरेटर्स (FBO) को अपने परिसरों में स्वच्छता, सैनिटेशन, फूड हैंडलिंग, स्टोरेज, वेस्ट मैनेजमेंट, पेस्ट कंट्रोल (कीड़े-मकोड़ों पर नियंत्रण) और कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता से जुड़ी सभी कमियों को पहचानने और उनकी रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है।
नियामक ने सख्त लहजे में कंपनियों से कहा है कि वे इस लापरवाही के खिलाफ की गई सुधारात्मक और निवारक कार्रवाइयों (Corrective and Preventive Actions) की पूरी जानकारी दें और इसके दस्तावेजी सबूत भी पेश करें। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस मामले में जब संबंधित कंपनियों से संपर्क करने की कोशिश की गई, तो अभी तक उनकी तरफ से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
Leave A Reviews