Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

गणेश विसर्जन से पहले हैदराबाद पुलिस अलर्ट, संवेदनशील इलाकों में निकाला फ्लैग मार्च


हैदराबाद, 17 सितंबर (आईएएनएस)। हैदराबाद पुलिस ने गणेश उत्सव और 25 सितंबर को होने वाले गणेश प्रतिमा विसर्जन जुलूस को देखते हुए गुरुवार को रैपिड एक्शन फोर्स के साथ शहर के कुछ संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च निकाला।

हैदराबाद, 17 सितंबर (आईएएनएस)। हैदराबाद पुलिस ने गणेश उत्सव और 25 सितंबर को होने वाले गणेश प्रतिमा विसर्जन जुलूस को देखते हुए गुरुवार को रैपिड एक्शन फोर्स के साथ शहर के कुछ संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च निकाला।

शहर में शांति, सांप्रदायिक सौहार्द और सार्वजनिक सुरक्षा बनाए रखने के साथ यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के उद्देश्य से फ्लैग मार्च किया गया। इसका नेतृत्व गोलकोंडा जोन के पुलिस उपायुक्त जे. राघवेंद्र रेड्डी ने किया। फ्लैग मार्च गोशामहल और बेगम बाजार पुलिस थाना क्षेत्रों के संवेदनशील और महत्वपूर्ण इलाकों से होकर गुजरा।

इसमें गोशामहल और बेगम बाजार पुलिस थानों के कर्मचारियों के साथ आरएएफ के जवान भी शामिल हुए। फ्लैग मार्च नामपल्ली एग्जीबिशन ग्राउंड से शुरू होकर पटेल नगर, दारुस्सलाम, चकनवाड़ी, लंबीगली, घोड़े की खबर, झांसी चौराहा और जुमेरात बाजार टी-जंक्शन से होकर गुजरा।

गोशामहल पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर बी. श्रवण कुमार ने कहा कि फ्लैग मार्च में घनी आबादी वाले संवेदनशील इलाकों और विसर्जन जुलूस के मार्गों को शामिल किया गया। इसका उद्देश्य लोगों को गणेश उत्सव और विसर्जन जुलूस के दौरान शांति, सांप्रदायिक सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के महत्व के प्रति जागरूक करना है।

उन्होंने कहा कि फ्लैग मार्च में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों, स्थानीय पुलिस और आरएएफ की मौजूदगी से त्योहार को सुरक्षित और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस विभाग की तैयारियों का भी संदेश दिया गया।

पुलिस ने विशेष रूप से गणेश पंडाल आयोजकों और विसर्जन जुलूस में शामिल होने वाले लोगों से विभाग की ओर से जारी नियमों और निर्देशों का सख्ती से पालन करने की अपील की है। आयोजकों से निर्धारित मार्ग और समय का पालन करने तथा ऐसी किसी भी गतिविधि से बचने को कहा गया है जिससे आम लोगों को परेशानी हो, यातायात बाधित हो या सांप्रदायिक सौहार्द प्रभावित हो।

पुलिस ने सभी नागरिकों, धार्मिक संगठनों, गणेश उत्सव समितियों और जुलूस आयोजकों से त्योहार को शांतिपूर्ण, अनुशासित और जिम्मेदार तरीके से मनाने की अपील की है। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि, अफवाह या कानून-व्यवस्था से जुड़ी समस्या की जानकारी तुरंत नजदीकी पुलिसकर्मी या पुलिस स्टेशन को देने को कहा गया है।

गणेश प्रतिमा विसर्जन जुलूस के लिए हैदराबाद में करीब 20 हजार पुलिसकर्मियों को तैनात किया जाएगा।

इससे पहले हैदराबाद के पुलिस आयुक्त वीसी सज्जनार ने पुलिस, ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम, हैदराबाद डिजास्टर रिस्पॉन्स एंड एसेट प्रोटेक्शन एजेंसी और अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बालापुर से टैंक बंड तक करीब 19 किलोमीटर लंबे विसर्जन मार्ग का संयुक्त निरीक्षण किया था।

निरीक्षण के दौरान गणेश प्रतिमाओं की सुरक्षित और सुचारू आवाजाही के लिए की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।

पुलिस ने लोगों को सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली अपुष्ट सूचनाओं, अफवाहों और भड़काऊ सामग्री पर भरोसा नहीं करने और उन्हें आगे साझा नहीं करने की सलाह दी है। लोगों से केवल पुलिस विभाग और अन्य संबंधित सरकारी अधिकारियों द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की गई है।

--आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी

Date & Time : 2026-09-17 23:40:02

Share:

Leave A Reviews

Related News