ग्रेटर नोएडा, 14 सितंबर (आईएएनएस)। इंडिया एक्सपोमार्ट, ग्रेटर नोएडा में 15 सितंबर से 18 सितंबर तक बाउमा कॉनएक्सपो इंडिया 2026 कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। आयोजन में प्रतिदिन करीब 10 हजार लोगों के शामिल होने की संभावना है। बड़ी संख्या में आगंतुकों और वाहनों के पहुंचने को देखते हुए गौतमबुद्धनगर यातायात पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष तैयारी की है।
![]()
ग्रेटर नोएडा, 14 सितंबर (आईएएनएस)। इंडिया एक्सपोमार्ट, ग्रेटर नोएडा में 15 सितंबर से 18 सितंबर तक बाउमा कॉनएक्सपो इंडिया 2026 कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। आयोजन में प्रतिदिन करीब 10 हजार लोगों के शामिल होने की संभावना है। बड़ी संख्या में आगंतुकों और वाहनों के पहुंचने को देखते हुए गौतमबुद्धनगर यातायात पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष तैयारी की है।
यातायात पुलिस के मुताबिक कार्यक्रम के दौरान सामान्य दिनों की तरह यातायात संचालन जारी रहेगा, लेकिन एक्सपोमार्ट गोलचक्कर पर वाहनों का दबाव बढ़ने की स्थिति में इसे अस्थायी रूप से बंद कर यातायात को वैकल्पिक मार्गों से गुजारा जा सकता है। यातायात पुलिस की ओर से जारी यातायात निर्देशिका के अनुसार, यदि एक्सपोमार्ट गोलचक्कर पर अत्यधिक भीड़ और जाम की स्थिति बनती है तो गलगोटिया कट से एक्सपोमार्ट गोलचक्कर होते हुए आईएफएस विला गोलचक्कर की ओर जाने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्ग से भेजा जाएगा।
ऐसे वाहनों को एक्सपोमार्ट गोलचक्कर से बड़ा गोलचक्कर, शारदा गोलचक्कर और एलजी गोलचक्कर होते हुए जगतफार्म की ओर डायवर्ट किया जाएगा। इसके बाद वाहन चालक अपने गंतव्य की ओर आगे बढ़ सकेंगे। यातायात पुलिस ने कार्यक्रम में आने वाले लोगों से पार्किंग व्यवस्था का पालन करने की अपील की है। कार्यक्रम में शामिल होने वाले आगंतुक और वाहन चालक अपने वाहनों को नासा (बड़ा गोलचक्कर) पार्किंग में पार्क कर सकेंगे। इसके बाद निर्धारित व्यवस्था के अनुसार कार्यक्रम स्थल तक पहुंचा जा सकेगा।
पुलिस का कहना है कि पार्किंग व्यवस्था का उद्देश्य एक्सपोमार्ट के आसपास अनावश्यक वाहन दबाव को कम करना और यातायात को व्यवस्थित बनाए रखना है। यातायात पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि डायवर्जन लागू होने की स्थिति में आपातकालीन वाहनों को प्राथमिकता दी जाएगी। चिकित्सीय सेवाओं और फायर सर्विस से जुड़े वाहनों को किसी तरह की बाधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा और उन्हें सुरक्षित तरीके से डायवर्जन वाले मार्ग से आगे निकाला जाएगा।
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि 15 से 18 सितंबर के बीच ग्रेटर नोएडा के एक्सपोमार्ट क्षेत्र में आवागमन करते समय यातायात निर्देशों का पालन करें। एक्सपोमार्ट गोलचक्कर पर भीड़ बढ़ने की स्थिति में वाहन चालक निर्धारित वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करें, ताकि जाम और यातायात अव्यवस्था से बचा जा सके। पुलिस के मुताबिक डायवर्जन स्थायी नहीं होगा और यातायात की स्थिति के अनुसार आवश्यकतानुसार लागू किया जाएगा।
यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि कार्यक्रम के दौरान एक्सपोमार्ट क्षेत्र में निकलने से पहले यातायात की स्थिति को ध्यान में रखते हुए अपनी यात्रा की योजना बनाएं और अनावश्यक रूप से एक्सपोमार्ट गोलचक्कर की तरफ वाहन लेकर न जाएं। किसी भी प्रकार की यातायात संबंधी असुविधा या जानकारी के लिए वाहन चालक यातायात हेल्पलाइन नंबर 9971009001 पर संपर्क कर सकते हैं। इस अंतरराष्ट्रीय स्तर के आयोजन में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए यातायात पुलिस का फोकस वाहनों की सुचारु आवाजाही, पार्किंग व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं के निर्बाध संचालन पर रहेगा।
पुलिस ने उम्मीद जताई है कि वाहन चालकों के सहयोग और निर्धारित डायवर्जन व्यवस्था के पालन से कार्यक्रम के दौरान यातायात व्यवस्था सामान्य बनाए रखने में मदद मिलेगी।
--आईएएनएस
पीकेटी/एएस
Leave A Reviews