
मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर जननायक एक्सप्रेस में सीट को लेकर हुए विवाद के बाद एक GRP जवान पर महिला यात्री के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। घटना का 1 मिनट 13 सेकेंड का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में एक पुलिसकर्मी महिला के साथ हाथापाई करता और उसे नीचे गिराता दिखाई दे रहा है। महिला की बेटियां बीच-बचाव करने पहुंचीं तो उनके साथ भी धक्का-मुक्की किए जाने का आरोप है।
पीड़िता की पहचान लुधियाना के हैबोवाल निवासी रूबी के रूप में हुई है। वह बिहार के मोतिहारी से अपनी तीन बेटियों के साथ लुधियाना लौट रही थीं। रूबी का आरोप है कि सीट खाली कराने को लेकर हुए विवाद में GRP जवान ने उनके साथ मारपीट की, जिससे उनके सिर में चोट आई। उनकी एक बेटी को थप्पड़ मारने का भी आरोप लगाया गया है।
रूबी के मुताबिक, उनकी तबीयत खराब थी और ब्लड प्रेशर कम होने के कारण वह जनरल कोच की एक सीट पर लेटी हुई थीं। उनकी तीनों बेटियां पास में बैठी थीं। इसी दौरान मुरादाबाद स्टेशन से दो GRP जवान कुछ महिला यात्रियों के साथ कोच में पहुंचे और सीट खाली कराने को कहा।
महिला का कहना है कि उनकी बेटी ने एक महिला यात्री को बच्चे के साथ बैठने के लिए जगह दे दी थी। इसके बावजूद एक अन्य महिला यात्री को भी सीट दिलाने की बात पर विवाद बढ़ गया। रूबी ने आरोप लगाया कि इसी दौरान जवान ने उनके साथ मारपीट की।
पीड़िता का आरोप है कि नजीबाबाद रेलवे स्टेशन पर चेन पुलिंग कर उन्हें ट्रेन से उतार दिया गया। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने उन्हें शाम करीब 7 बजे से अगली सुबह 4 बजे तक थाने में बैठाए रखा।
रूबी के मुताबिक, इस दौरान उनका गहनों और नकदी से भरा बैग ट्रेन में ही छूट गया। उन्होंने आरोप लगाया कि थाने में उन पर अपनी मर्जी के मुताबिक बयान देने का दबाव बनाया गया। ऐसा नहीं करने पर केस दर्ज कर जेल भेजने की धमकी भी दी गई।
रूबी ने बताया कि उनके पति की तबीयत खराब थी, इसलिए वह जल्दबाजी में मोतिहारी से लुधियाना लौट रही थीं। ट्रेन में बैग छूट जाने के कारण उनके पास किराये के पैसे तक नहीं बचे थे। किसी तरह दूसरी ट्रेन से वह लुधियाना पहुंचीं और अपना मेडिकल परीक्षण कराया।
अब पीड़िता लुधियाना GRP थाने में शिकायत दर्ज कराने की तैयारी कर रही हैं। वायरल वीडियो सामने आने के बाद मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपित जवान के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठ रही है।
Leave A Reviews