राजकोट, 17 जून (आईएएनएस)। गुजरात भाजपा अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा ने बुधवार को कांग्रेस पर किसानों को गुमराह करने और उनका राजनीतिक इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने कृषि क्षेत्र के लिए दीर्घकालिक समाधान और सीधे सहयोग पर ध्यान दिया है।
![]()
राजकोट, 17 जून (आईएएनएस)। गुजरात भाजपा अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा ने बुधवार को कांग्रेस पर किसानों को गुमराह करने और उनका राजनीतिक इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने कृषि क्षेत्र के लिए दीर्घकालिक समाधान और सीधे सहयोग पर ध्यान दिया है।
राजकोट जिले के गोंडल तालुका में भाजपा द्वारा आयोजित किसान सम्मेलन में विश्वकर्मा ने कहा कि कांग्रेस किसानों को गुमराह करने और उन्हें गलत दिशा में ले जाने की कोशिश कर रही है। यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्षों को लेकर चलाए जा रहे 'विश्वास, विकास और जन कल्याण अभियान' का हिस्सा था।
उन्होंने कहा, ''आज कांग्रेस किसानों के नाम पर राजनीति कर रही है। यही कांग्रेस वह थी जिसने अपने शासनकाल में किसानों पर गोलियां चलवाई थीं, जबकि भाजपा सरकार किसानों को सम्मान और सुरक्षा देने के मार्ग पर आगे बढ़ रही है।''
विश्वकर्मा ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में सरकारी योजनाओं ने किसानों के जीवन में बड़े बदलाव लाए हैं।
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं से फसलों का उचित मूल्य सुनिश्चित हो रहा है, सिंचाई सुविधाएं बेहतर हुई हैं और खेती अब अधिक लाभकारी पेशा बन रही है।
समर्थन मूल्य पर खरीद का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पीएम मोदी सरकार ने पिछले 12 वर्षों में देशभर के किसानों से 26 लाख करोड़ रुपए के कृषि उत्पाद खरीदे हैं।
उन्होंने बताया कि गुजरात में पिछले वर्ष 17,41,287 मीट्रिक टन मूंगफली की खरीद 12,646.97 करोड़ रुपए में की गई। इसके अलावा 78,420 मीट्रिक टन सोयाबीन 417.82 करोड़ रुपए, 3,044 मीट्रिक टन उड़द 23.74 करोड़ रुपए और 80,565 मीट्रिक टन तूर 644.53 करोड़ रुपए में खरीदी गई।
उन्होंने कहा कि गोंडल कृषि उपज मंडी समिति का सालाना कारोबार 12,000 करोड़ रुपए से अधिक है, जो सौराष्ट्र की कृषि अर्थव्यवस्था की मजबूती को दर्शाता है।
भाजपा नेता ने प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया और कहा कि प्रधानमंत्री मोदी टबैक टू बेसिक्सट दृष्टिकोण को प्रोत्साहित कर रहे हैं।
उन्होंने किसानों से प्राकृतिक खेती, आधुनिक तकनीक और सरकारी योजनाओं को अपनाकर लागत कम करने और आय बढ़ाने की अपील की।
जल और सिंचाई मुद्दों पर बात करते हुए विश्वकर्मा ने कांग्रेस सरकारों की तुलना में मौजूदा स्थिति को बेहतर बताया।
उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा था जब अहमदाबाद और गांधीनगर से आने वाली ट्रेनों में यात्री नहीं बल्कि पानी के टैंकर आते थे, जिसे उन्होंने कांग्रेस शासन का 'टैंकर राज' बताया।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार और पीएम मोदी के नेतृत्व ने इस स्थिति को समाप्त किया और राज्य में पेयजल व सिंचाई सुविधाओं का विस्तार किया।
उन्होंने सरदार सरोवर परियोजना और नर्मदा योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे राज्य में पानी की उपलब्धता और कृषि की संभावनाओं में बड़ा बदलाव आया है।
अपने संबोधन में उन्होंने सौराष्ट्र की मेहमाननवाजी की सराहना की और गोंडल के पूर्व शासक महाराजा भगवतसिंहजी को याद करते हुए उनके शासन मॉडल को दूरदर्शी बताया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के राष्ट्रीय नेतृत्व को 12 वर्ष पूरे हो चुके हैं, यानी 4,399 दिन का शासन, और इस दौरान शुरू की गई कल्याणकारी योजनाओं से समाज के हर वर्ग को लाभ मिला है।
उन्होंने कहा, ''आज देश में शायद ही कोई घर होगा जहां सरकार की किसी योजना का लाभ किसी एक व्यक्ति को न मिला हो।''
पर्यावरण संरक्षण के लिए उन्होंने 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान का उल्लेख करते हुए लोगों से अपनी मां के नाम पर कम से कम एक पेड़ लगाने की अपील की।
राज्य कृषि मंत्री जीतू वघानी ने भी सभा को संबोधित किया और कहा कि भाजपा किसानों को राजनीतिक साधन नहीं बल्कि प्राथमिकता मानती है।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने कभी किसानों को नुकसान पहुंचाने का काम नहीं किया और उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान देने का प्रयास किया है।
उन्होंने बताया कि बेमौसम बारिश से प्रभावित किसानों को सहायता देने के लिए 11,000 करोड़ रुपए का पैकेज दिया गया है, जिसे उन्होंने अभूतपूर्व बताया।
इसके अलावा उन्होंने कहा कि गुजरात सरकार ने समर्थन मूल्य पर 15,000 करोड़ रुपए का कृषि उत्पादन खरीदकर किसानों को सीधे लाभ पहुंचाया है।
उन्होंने कहा कि जब भी किसानों को कठिनाई होती है, सरकार उनके साथ खड़ी रहती है और आगे भी खड़ी रहेगी।
--आईएएनएस
एएमटी/डीकेपी
Leave A Reviews