Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

गुजरात निकाय चुनाव में 'आप' का सफाया, दूरबीन से भी नहीं दिखेगी कांग्रेस : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह


गांधीनगर, 17 मई (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को कहा कि गुजरात में हाल ही में हुए स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा की शानदार जीत लोगों के 'विकास आधारित शासन' पर भरोसे को दिखाती है। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) को जनता ने पूरी तरह नकार दिया है।

गांधीनगर, 17 मई (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को कहा कि गुजरात में हाल ही में हुए स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा की शानदार जीत लोगों के 'विकास आधारित शासन' पर भरोसे को दिखाती है। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) को जनता ने पूरी तरह नकार दिया है।

गांधीनगर नगर निगम के तहत 620 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास के बाद सभा को संबोधित करते हुए गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि भाजपा की चुनावी सफलता का कारण पार्टी कार्यकर्ताओं का लगातार जनता के बीच रहना और उनकी समस्याओं का समाधान करना है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात में विकास की जो यात्रा शुरू की थी, उसे मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व वाली सरकार आगे बढ़ा रही है।

उन्होंने कहा, ''गांधीनगर नगर निगम और राज्य सरकार ने मिलकर पेयजल आपूर्ति, सीवेज ट्रीटमेंट, झीलों के सौंदर्यीकरण, सड़क, लाइब्रेरी, स्वास्थ्य सुविधाओं और योग केंद्रों से जुड़े काम किए हैं।''

गुजरात में हुए स्थानीय निकाय चुनावों का जिक्र करते हुए अमित शाह ने कहा कि भाजपा की जीत से साफ है कि लोगों को पार्टी की सरकार और विकास एजेंडे पर भरोसा है। हाल ही में हुए स्थानीय निकाय चुनावों में कांग्रेस पूरी तरह साफ हो गई। दूरबीन से भी खोजेंगे तो कांग्रेस दिखाई नहीं देगी।

आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए गृह मंत्री ने कहा कि विपक्षी दल बार-बार दावे करते रहे, लेकिन जनता का समर्थन हासिल नहीं कर सके। दिल्ली में वे खुद साफ हो गए और यहां तो अपना खाता भी नहीं खोल पाए। भाजपा ने राज्य में नगर निगमों, नगरपालिकाओं, जिला पंचायतों और तालुका पंचायतों में जीत हासिल की है।

अमित शाह ने कहा कि राज्य के सभी नगर निगमों में चुनाव हुए और भाजपा ने सभी में जीत दर्ज की। 84 नगरपालिकाओं में से भाजपा ने 77 में जीत हासिल की, जबकि 34 में से 33 जिला पंचायतों और 260 में से 253 तालुका पंचायतों में भी भाजपा विजयी रही। जनता का यह समर्थन कोविड महामारी के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं के काम से जुड़ा है।

अमित शाह ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं ने अपनी जान की परवाह किए बिना लोगों के बीच काम किया। उन्होंने लोगों तक राशन किट पहुंचाई, मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की, जांच सुविधाओं की व्यवस्था की और वैक्सीनेशन केंद्रों पर लाइनें संभालीं। कई कार्यकर्ता खुद भी कोरोना की चपेट में आ गए और कुछ ने अपनी जान गंवा दी, लेकिन फिर भी वे लोगों की सेवा करते रहे।

गृह मंत्री ने कहा कि इस काम से लोगों के बीच भाजपा के प्रति भरोसा मजबूत हुआ है। गुजरात में भाजपा की राजनीतिक ताकत अस्थायी अभियानों से नहीं, बल्कि लगातार जनता के संपर्क और सेवा से बनी है।

इस दौरान गृह मंत्री ने शहरी स्वास्थ्य केंद्र, ओवरहेड वाटर टैंक, सामुदायिक भवन, सड़क विकास कार्य, खेल सुविधाएं, सीवेज ट्रीटमेंट ढांचा और गांधीनगर के नए विकसित हो रहे इलाकों में आंतरिक सड़कों जैसी परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, शहरी विकास मंत्री दर्शना बेन वाघेला, विधायक अल्पेश ठाकोर, गांधीनगर की मेयर मीराबेन पटेल और नगर निगम व जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

--आईएएनएस

एएमटी/एबीएम

Share:

Leave A Reviews

Related News