Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

गुजरात: रैपिडो यात्री की मौत के मामले में आरोपी गिरफ्तार, भाजपा विधायक का भतीजा निकला आरोपी


अहमदाबाद, 13 नवंबर (आईएएनएस)। अहमदाबाद के शिलाज सर्कल के पास हुए हिट-एंड-रन मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस दुर्घटना में एक 35 वर्षीय रैपिडो यात्री की मौत हो गई थी। पुलिस के अनुसार, एक रेंज रोवर कार ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी थी, जिसके बाद चालक मौके से फरार हो गया था।

अहमदाबाद, 13 नवंबर (आईएएनएस)। अहमदाबाद के शिलाज सर्कल के पास हुए हिट-एंड-रन मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस दुर्घटना में एक 35 वर्षीय रैपिडो यात्री की मौत हो गई थी। पुलिस के अनुसार, एक रेंज रोवर कार ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी थी, जिसके बाद चालक मौके से फरार हो गया था।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान राघवेंद्र कुशवाहा के रूप में हुई है, जो बापूनगर से बीजेपी विधायक दिनेशसिंह कुशवाहा का भतीजा बताया जा रहा है।

पुलिस ने जांच के दौरान आरोपी का पता लगाया और 11 नवंबर को हुई दुर्घटना में कथित रूप से इस्तेमाल की गई रेंज रोवर कार के साथ उसे गिरफ्तार कर लिया।

सानंद डिवीजन की डिप्टी एसपी नीलम गोस्वामी ने बताया कि हादसा उस समय हुआ जब रैपिडो चालक प्रदीप दड़वाल यात्री हर्षदकुमार पुरबिया को घाटलोडिया से शिलाज स्थित उनके कार्यस्थल पर लेकर जा रहा था।

शिलाज सर्कल के पास एक रेंज रोवर ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। दुर्घटना में दोनों घायल हो गए। उन्हें पहले सोला सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां से हर्षदकुमार पुरबिया को आगे के इलाज के लिए सीआईएमएस अस्पताल भेजा गया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

नीलम गोस्वामी ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को कार का पंजीकरण नंबर मिला, जिसके आधार पर पता चला कि वाहन राघवेंद्र कुशवाहा चला रहा था। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी अपने एक मित्र द्वारा आयोजित पार्टी में शामिल होने के लिए कलोल गया था और वहां से लौटते समय हादसा हुआ। आरोप है कि दुर्घटना के बाद घायल लोगों की मदद करने की बजाय वह मौके से भाग गया।

हादसे की परिस्थितियों के बारे में जानकारी देते हुए गोस्वामी ने कहा कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि रैपिडो चालक दाहिनी ओर मुड़ रहा था, जबकि रेंज रोवर सामने से आ रही थी। दोनों वाहनों ने शुरुआत में गति धीमी की थी, लेकिन पहले कौन निकलेगा, इसे लेकर हुई गलतफहमी के कारण टक्कर हो गई। उन्होंने बताया कि एसयूवी ने मोटरसाइकिल को पीछे से टक्कर मारी।

पुलिस अधिकारी ने कहा कि प्रारंभिक जांच में यह सामने नहीं आया है कि दुर्घटना के समय आरोपी शराब के नशे में था।

घटना के बाद बोपल पुलिस ने घातक सड़क दुर्घटना और मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। जांच के दौरान वाहन और उसके कथित चालक की पहचान की गई। पुलिस ने रेंज रोवर को जब्त कर लिया है और मामले में फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) तथा क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) की जांच जारी है।

नीलम गोस्वामी ने बताया कि आरोपी का बयान दर्ज कर लिया गया है और उसका मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है। मामले की जांच जारी है और आगे साक्ष्य मिलने पर अतिरिक्त कार्रवाई की जाएगी।

मृतक हर्षदकुमार पुरबिया मूल रूप से सुरेंद्रनगर जिले के ध्रांगध्रा के निवासी थे और अहमदाबाद के शास्त्रीनगर क्षेत्र में रहते थे।

रिपोर्टों के अनुसार, गिरफ्तारी के बाद आरोपी को जमानत मिल गई है।

--आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी

Date & Time : 2026-11-14 00:00:03

Share:

Leave A Reviews

Related News