गांधीनगर, 5 मार्च (आईएएनएस)। गुजरात पुलिस के साइबर सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ने विदेशों में साइबर धोखाधड़ी केंद्रों में काम करने के लिए युवाओं को भेजने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
![]()
गांधीनगर, 5 मार्च (आईएएनएस)। गुजरात पुलिस के साइबर सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ने विदेशों में साइबर धोखाधड़ी केंद्रों में काम करने के लिए युवाओं को भेजने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमरेली के कौशिक पेठानी और सूरत के ध्रुव डोबारिया के रूप में हुई है। पुलिस को मिली खुफिया जानकारी के आधार पर दोनों को गिरफ्तार किया गया।
जांच के अनुसार, दोनों आरोपी गुजरात और देश के अन्य हिस्सों के बेरोजगार युवाओं को विदेश में अच्छी नौकरी का लालच देकर ऐसे देशों में भेजते थे, जहां साइबर ठगी के नेटवर्क संचालित होते हैं।
पुलिस के मुताबिक, पेठानी साइबर ठगी के नेटवर्क में “अली बाबा” के नाम से जाना जाता था और वह भर्ती किए गए लोगों को विदेश भेजने की पूरी व्यवस्था संभालता था।
साइबर सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के पुलिस अधीक्षक विवेक भेडा ने बताया कि जांच में आरोपियों द्वारा संचालित एक भर्ती नेटवर्क का खुलासा हुआ है।
उन्होंने कहा, “गुजरात का साइबर सेंटर ऑफ एक्सीलेंस सभी प्रकार के साइबर अपराधों पर नियंत्रण के लिए प्रतिबद्ध है। इसी कड़ी में साइबर गुलामी से जुड़े इस गंभीर साइबर धोखाधड़ी मामले में दो एजेंटों को गिरफ्तार किया गया है।”
पुलिस के अनुसार, आरोपी व्हाट्सएप और टेलीग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए विदेश में नौकरी के अवसरों का प्रचार करते थे। इच्छुक उम्मीदवारों को पहले इंटरव्यू के लिए बुलाया जाता था और उन्हें लिखने, संवाद कौशल और सॉफ्ट स्किल्स का प्रशिक्षण दिया जाता था।
इसके बाद आरोपियों द्वारा पासपोर्ट बनवाने, फ्लाइट टिकट बुक करने और अन्य यात्रा व्यवस्थाएं कर युवाओं को विदेश भेजा जाता था।
जांच में सामने आया है कि कंबोडिया, म्यांमार और लाओस जैसे देशों में भेजे गए लोगों को बाद में जबरन साइबर धोखाधड़ी के कामों में लगाया जाता था, जिनमें क्रिप्टोकरेंसी ठगी, ऑनलाइन निवेश धोखाधड़ी और अन्य ऑनलाइन ठगी शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक, पीड़ितों को नियंत्रित स्थानों पर रखा जाता था और उनके पासपोर्ट व मोबाइल फोन जब्त कर लिए जाते थे। जो लोग इन गतिविधियों में शामिल होने से इनकार करते थे, उन्हें शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना दी जाती थी और भारत लौटने नहीं दिया जाता था।
जांचकर्ताओं के अनुसार, आरोपी प्रत्येक व्यक्ति से 70 हजार से 1.5 लाख रुपये तक वसूलते थे। यह नेटवर्क भारत के अलावा बांग्लादेश और पाकिस्तान के लोगों को भी निशाना बनाता था।
पुलिस के मुताबिक, पेठानी इस नेटवर्क का मुख्य एजेंट था, जबकि डोबारिया सब-एजेंट के रूप में उसकी मदद करता था। अब तक जांच में सामने आया है कि डोबारिया ने कम से कम पांच लोगों को विदेश भेजा था, हालांकि इस नेटवर्क के जरिए भेजे गए लोगों की कुल संख्या अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।
अधिकारियों ने बताया कि जांच के दौरान यह भी जानकारी मिली है कि इस नेटवर्क से जुड़े कुछ लोग पहले संयुक्त अरब अमीरात, लाओस, थाईलैंड और श्रीलंका की यात्रा कर चुके हैं। साथ ही दक्षिण अफ्रीका और जॉर्जिया में नए साइबर ठगी केंद्र स्थापित करने की योजना की भी जानकारी मिली है।
पुलिस ने कहा कि मामले की जांच जारी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि विदेश में नौकरी के नाम पर मिलने वाले अज्ञात एजेंसियों या सोशल मीडिया विज्ञापनों से सतर्क रहें।
--आईएएनएस
डीएससी
Leave A Reviews