Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

झारखंड सड़क हादसा: शादी की खुशियां मातम में बदलीं, दो भारी ट्रकों के बीच पिसी कार, एक ही परिवार के 6 सदस्यों की मौत

हजारीबाग. झारखंड के हजारीबाग जिले से एक हृदयविदारक खबर सामने आई है। चौपारण स्थित दनुआ घाटी में शनिवार, 25 अप्रैल की रात को हुए एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा इतना भयावह था कि दो ट्रकों के बीच दबने से कार लोहे के मलबे में तब्दील हो गई।

दो भारी वाहनों के बीच बनी 'मौत की सैंडविच'

घटना दनुआ घाटी के जोडऱाही पुल के पास की है। बीसीसीएल (BCCL) के महेशपुर कोलियरी में लाइनमैन शिव कुमार भुइयां अपने परिवार के साथ धनबाद से गया (बिहार) के आमस में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उनकी कार अचानक आगे चल रहे एक ट्रेलर के पिछले हिस्से से टकरा गई। अभी कार सवार संभल पाते, तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। दो भारी वाहनों के बीच दबने के कारण कार पूरी तरह पिचक गई और उसमें सवार किसी भी व्यक्ति को संभलने या बाहर निकलने का मौका नहीं मिला।

गैस कटर से काटकर निकाले गए शव

हादसे की सूचना मिलते ही चौपारण पुलिस और NHAI की बचाव टीम मौके पर पहुंची। कार की हालत देख बचाव दल के भी रोंगटे खड़े हो गए। शवों को बाहर निकालने के लिए भारी मशीनों और गैस कटर का इस्तेमाल करना पड़ा। घंटों की मशक्कत के बाद क्षत-विक्षत शवों को बाहर निकाला जा सका।

मृतकों की पहचान:

  • शिव कुमार भुइयां (45): परिवार के मुखिया

  • रूबी देवी (38): शिव कुमार की पत्नी

  • सोनी (12) व सुहानी (9): बेटियां

  • प्रेम (7): साले का बेटा

  • शिव कुमार के ससुर

अकेला रह गया इकलौता बेटा

इस हादसे ने पूरे हँसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया है। शिव कुमार शनिवार दोपहर को ही परिवार के साथ निकले थे। किस्मत कहें या विडंबना, उनका इकलौता बेटा रंजीत कुमार घर पर ही रुक गया था। अब इस पूरे परिवार में वह अकेला सदस्य बचा है। जैसे ही यह खबर बुदौरा कॉलोनी पहुँची, वहां सन्नाटा पसर गया और मातम छा गया।

'मौत की घाटी' बनती दनुआ घाटी

दनुआ घाटी क्षेत्र राहगीरों के लिए बेहद खतरनाक साबित हो रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले चार दिनों में यह पांचवीं बड़ी दुर्घटना है। अंधेरे मोड़ और तेज रफ्तार वाहनों के कारण यहाँ लगातार हादसे हो रहे हैं, जिससे प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल, पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार ट्रक चालकों की तलाश जारी है।

Share:

Leave A Reviews

Related News