
छतरपुर. मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले से एक बेहद विचलित करने वाली खबर सामने आई है, जहाँ ओरछा रोड थाना क्षेत्र के ग्राम ढिलापुर में दबंगों ने एक 9 माह की गर्भवती महिला के साथ बर्बरतापूर्ण मारपीट की। घायल महिला, जिसकी पहचान 30 वर्षीय अर्चना पटेरिया (पत्नी जयदीप पटेरिया) के रूप में हुई है, को नाजुक हालत में जिला अस्पताल के महिला ट्रॉमा वार्ड में भर्ती कराया गया है। यह घटना रविवार शाम की है, जब पीड़िता अपने खेत से अनाज लेकर घर लौटी थी।
बीच सड़क पर गाड़ी खड़ी कर पी रहे थे सिगरेट, मना करने पर भड़के आरोपी जानकारी के अनुसार, जब अर्चना अनाज उतार रही थीं, तभी गाँव के ही देवेंद्र यादव, कल्लू यादव, सौरव पटेरिया, गंगाराम पटेरिया और प्रीतम यादव अपनी गाड़ी सड़क पर आड़ी-तिरछी खड़ी कर सिगरेट पी रहे थे। पीड़िता के परिजनों ने जब उन्हें गाड़ी ठीक से खड़ी करने और वहाँ सिगरेट न पीने के लिए टोका, तो आरोपी आगबबूला हो गए। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने गर्भवती होने की परवाह किए बिना अर्चना पर लात-घूंसों से हमला कर दिया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, वायरल वीडियो से होगी आरोपियों की पहचान घटना के तुरंत बाद लहूलुहान हालत में पीड़िता अपने परिजनों के साथ ओरछा रोड थाने पहुँची। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल महिला का मेडिकल परीक्षण कराया और उसे अस्पताल में भर्ती करवाया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसके आधार पर आरोपियों की पहचान सुनिश्चित की जा रही है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Leave A Reviews