
सतना जिले में 16 वर्षीय सत्यम शुक्ला हत्याकांड में 14 माह बाद जमानत पर जेल से बाहर आए 23 वर्षीय मुख्य आरोपी मान सिंह उर्फ बेटू सिंगरौल का सार्वजनिक उपद्रव महंगा पड़ गया। मंगलवार को जेल से रिहा होने के बाद 3 नवंबर को आरोपी के समर्थकों ने जेल के बाहर फूल-मालाएं पहनाकर उसका स्वागत किया और फिर शहर भर में गाड़ियों के काफिले के साथ शक्ति प्रदर्शन निकाला।
इस दौरान आरोपी बोलेरो गाड़ी के बोनट पर बैठकर सरेआम सिगरेट के कश खींचते हुए निकला, जबकि उसके पीछे बाइक और कारों में सवार समर्थक हुड़दंग मचाते हुए चल रहे थे। यह काफिला बिरला रोड से होते हुए सिद्धार्थ नगर कॉलोनी तक पहुंचा। इस स्टंट और उपद्रव का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिस पर आम जनता ने कानून-व्यवस्था को लेकर कड़ा आक्रोश जताया।
वीडियो सामने आते ही कोलगवां थाना पुलिस तुरंत हरकत में आ गई। गुरुवार को पुलिस टीम ने सिद्धार्थ नगर कॉलोनी में दबिश देकर मुख्य आरोपी बेटू सिंगरौल समेत उसके तीन अन्य साथियों—अंकित रजक, श्रीकांत शुक्ला और शिवम यादव उर्फ छोटू को गिरफ्तार कर लिया।
कानून का खौफ कायम करने और अपराधियों के हौसले पस्त करने के लिए पुलिस ने चारों आरोपियों को सिद्धार्थ नगर कॉलोनी से थाने तक करीब डेढ़ किलोमीटर का सफर पैदल तय कराया। इस दौरान सभी आरोपी सड़क पर कान पकड़कर चलते नजर आए और उन्होंने सार्वजनिक रूप से स्वीकार किया कि वे भविष्य में लोगों को डराने-धमकाने या दहशत फैलाने के लिए कभी ऐसा कोई जुलूस नहीं निकालेंगे।
Leave A Reviews