
उज्जैन। सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन कल्याण, उद्यानिकी तथा खाद्य प्रसंस्करण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने सोमवार को उज्जैन प्रवास के दौरान हामूखेड़ी स्थित दो शासकीय विद्यालयों का निरीक्षण किया। उन्होंने यहां शासकीय मानसिक रूप से अविकसित बच्चों के आवासीय विद्यालय और शासकीय दृष्टि एवं श्रवण बाधितार्थ उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मंत्री कुशवाह ने दोनों विद्यालयों की शैक्षणिक, आवासीय और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही शिक्षा, भोजन, आवास, स्वास्थ्य सुविधाओं और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की।
मंत्री ने विद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों से आत्मीय मुलाकात कर उनसे बातचीत भी की। उन्होंने बच्चों की आवश्यकताओं और समस्याओं को जाना तथा उनकी शिक्षा और भविष्य को लेकर भी चर्चा की। बच्चों के साथ सहजता से संवाद करते हुए मंत्री ने उनकी सुविधाओं को लेकर अधिकारियों से भी जानकारी ली।
इस दौरान मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने विद्यालय की व्यवस्थाओं और विद्यार्थियों की आवश्यकताओं को लेकर संबंधित अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की। उन्होंने व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार करने और बच्चों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित करने के लिए संवेदनशीलता के साथ काम करने पर जोर दिया।
मंत्री ने कहा कि विशेष बच्चों की शिक्षा, सुरक्षा, सम्मान और उज्ज्वल भविष्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि इन बच्चों को बेहतर वातावरण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागीय अधिकारी और विद्यालय का स्टाफ मौजूद रहा।
Leave A Reviews