Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

इंडिया ब्लॉक की रैली में खाली कुर्सियां दिखीं, कांग्रेस को आत्ममंथन की जरूरत : भाजपा


नई दिल्ली, 2 नवंबर (आईएएनएस)। दिल्ली के रामलीला मैदान में हुई इंडिया ब्लॉक की रैली और उसमें कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बयान को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उत्तर प्रदेश में भाजपा के राज्यसभा सदस्य प्रकाश पाल और आंध्र प्रदेश में भाजपा नेता विनूषा रेड्डी ने इस रैली को पूरी तरह से फ्लॉप बताया और राहुल गांधी के दावों पर सवाल खड़े किए।

नई दिल्ली, 2 नवंबर (आईएएनएस)। दिल्ली के रामलीला मैदान में हुई इंडिया ब्लॉक की रैली और उसमें कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बयान को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उत्तर प्रदेश में भाजपा के राज्यसभा सदस्य प्रकाश पाल और आंध्र प्रदेश में भाजपा नेता विनूषा रेड्डी ने इस रैली को पूरी तरह से फ्लॉप बताया और राहुल गांधी के दावों पर सवाल खड़े किए।

लखनऊ में मीडिया से बात करते हुए सांसद प्रकाश पाल ने राहुल गांधी के उस बयान पर पलटवार किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर कार्रवाई होगी और उन्हें जाने नहीं दिया जाएगा।

प्रकाश पाल ने कहा, "ये सब मुंगेरीलाल के हसीन सपने हैं। इन्होंने जो फ्लॉप रैली की है, उसमें 10 लाख लोगों के आने का दावा किया था, लेकिन वे मैदान तक नहीं भर पाए। लोग इनका भाषण सुनने से पहले ही वापस चले गए।"

उन्होंने विपक्ष पर हमेशा त्योहारों के समय को ही आंदोलन के लिए चुनने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, "जब दुर्गा पूजा थी, गणेश उत्सव था, विश्वकर्मा पूजा थी, तब भी इन्होंने धरना-प्रदर्शन किया। अभी दीपावली और छठ पूजा आ रही है और ये उसी समय आंदोलन कर रहे हैं। वहां के स्थानीय व्यापारियों ने भी इनसे आग्रह किया था कि आप अपना कार्यक्रम दीपावली के बाद कर लीजिए, लेकिन राहुल गांधी ने जवाब दिया कि जाकर मोदी को बोलो।"

प्रकाश पाल ने इस बयान की तुलना पहलगाम आतंकी हमले से करते हुए गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा, "यही बात तो पहलगाम के आतंकवादियों ने भी कही थी कि जाकर मोदी को बोलो। तो राहुल गांधी और पहलगाम के आतंकियों की भाषा एक जैसी क्यों हो रही है? यह पूरा समाज देख रहा है।"

वहीं कुरनूल में भाजपा नेता विनूषा रेड्डी ने भी राहुल गांधी की रैली को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि रैली में उम्मीद के मुताबिक भीड़ नहीं जुटी और कांग्रेस ने खाली कुर्सियों को संबोधित किया।

विनूषा रेड्डी ने कहा, "राहुल गांधी और उनके साथियों ने दावा किया था कि रामलीला मैदान में होने वाले कार्यक्रम में 10 से 15 लाख लोग आएंगे, लेकिन हकीकत यह है कि रामलीला मैदान के सिर्फ 30 से 40 प्रतिशत हिस्से को ही इस्तेमाल के लिए रखा गया था, ताकि बाकी खाली मैदान दिखाई न दे। वैसे भी मैदान की कुल क्षमता मुश्किल से 50 हजार लोगों की है और वहां भी सिर्फ खाली कुर्सियां ही नजर आ रही थीं। इसका मतलब है कि वहां मुश्किल से 30 से 50 हजार लोग ही पहुंचे थे।"

उन्होंने राहुल गांधी के भाषण को बेतुका करार दिया। उन्होंने कहा, "राहुल गांधी कह रहे थे कि एसआईआर के जरिए वोट काटे गए और इसी वजह से कांग्रेस 2024 का लोकसभा चुनाव हार गई लेकिन असलियत यह है कि एसआईआर की प्रक्रिया तो 2025 में हुई है। जो प्रक्रिया 2025 में हुई है, उसका असर 2024 के चुनाव पर कैसे हो सकता है?"

विनूषा रेड्डी ने कहा कि राहुल गांधी की ऐसी बेतुकी बातें सुनकर उनके अपने ही पार्टी कार्यकर्ता मैदान से जाने लगे। उन्होंने बड़े-बड़े दावे किए थे कि 10 से 15 लाख लोग आएंगे, लेकिन वे खाली कुर्सियों को संबोधित करते रह गए। अब उन्हें आत्ममंथन करने की जरूरत है।

विनूषा ने कहा कि शायद इसीलिए विपक्षी दल बार-बार जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने की मांग कर रहे थे, क्योंकि जंतर-मंतर पर सिर्फ 1,000 से 2,000 लोग ही आ सकते हैं। वहां वे वामपंथियों की मदद से उन पेशेवर प्रदर्शनकारियों को बुला सकते हैं जो हमेशा दिल्ली में मौजूद रहते हैं, ताकि ऐसा लगे कि बहुत बड़ी भीड़ आई है लेकिन जब वे रामलीला मैदान जैसे बड़े मैदान में आए, तो सच्चाई सबके सामने आ गई।

उन्होंने कहा कि ईवीएम में हेरफेर और मतदाता सूची में गड़बड़ी जैसे झूठे मुद्दों और दावों का देश की आम जनता पर कोई असर नहीं हो रहा है। लोग अब इन बातों पर भरोसा नहीं करते। कांग्रेस को जनता से जुड़े असली मुद्दों को उठाना चाहिए।

--आईएएनएस

पीआईएम/वीसी

Date & Time : 2026-11-02 16:15:03

Share:

Leave A Reviews

Related News