
रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर का वीर नारायण सिंह क्रिकेट स्टेडियम इन दिनों पूरी तरह से रॉयल चैलेंजर्स बंगलुरू (RCB) के लाल और सुनहरे रंग में रंगा हुआ है। लेकिन शनिवार को मैदान के बाहर एक अलग ही नजारा देखने को मिला, जब 'प्ले बोल्ड' का नारा देने वाले आरसीबी के दिग्गज क्रिकेटर पूरी तरह से छत्तीसगढ़ी संस्कृति के रंग में रंगे नजर आए। खिलाड़ियों ने न सिर्फ यहां के पारंपरिक व्यंजनों का लुत्फ उठाया, बल्कि बस्तर की लोक कलाओं की बारीकियों को भी समझा।

रायपुर को अपना दूसरा 'होमग्राउंड' बनाने वाली आरसीबी की टीम 8 मई को शहर पहुंची। मायरा रिजॉर्ट में ठहरी टीम के लिए एक विशेष सांस्कृतिक प्रदर्शनी आयोजित की गई थी।
पारंपरिक स्वाद: कप्तान रजत पाटीदार समेत पूरी टीम को छत्तीसगढ़ की मशहूर कांदा भाजी, चरोटा भाजी और रागी से बने व्यंजन परोसे गए।
गर्मियों की राहत: बस्तर के जंगलों से मिलने वाले प्राकृतिक तीखुर शरबत के स्वाद ने खिलाड़ियों को ताजगी से भर दिया। खिलाड़ियों ने इसे गर्मियों के लिए सबसे बेहतरीन प्राकृतिक पेय बताया।
कला और संस्कृति: टीम के सदस्यों ने स्थानीय हस्तशिल्प, आदिवासी कला और विश्व प्रसिद्ध चित्रकोट जलप्रपात के बारे में जानकारी ली।

आरसीबी के सदस्य और टैटू के शौकीन क्रुणाल पांड्या छत्तीसगढ़ की पारंपरिक गोदना कला (पारंपरिक टैटू प्रथा) से विशेष रूप से प्रभावित दिखे। उन्हें बताया गया कि यह कला अब केवल शरीर पर ही नहीं, बल्कि वस्त्रों और डिजाइनों में भी विकसित हो चुकी है। क्रुणाल ने कहा, "यह पहली बार है जब मैं रायपुर आया हूं और यहां की कारीगरी और संस्कृति का अनुभव अद्भुत रहा है।"
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की विशेष पहल के कारण छत्तीसगढ़ में 10 साल बाद आईपीएल की वापसी संभव हो पाई है। आरसीबी ने इस साल रायपुर को अपना दूसरा होम ग्राउंड चुना है, जिससे राज्य की पहचान राष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत होगी।
रायपुर में होने वाले आगामी मुकाबले:
10 मई: आरसीबी बनाम मुंबई इंडियन्स (MI)
13 मई: आरसीबी बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR)
मैच के दौरान स्टेडियम में सितारों का जमावड़ा लगने वाला है। विराट कोहली को चियर्स करने के लिए उनकी पत्नी और अभिनेत्री अनुष्का शर्मा रायपुर पहुंच रही हैं। वहीं, मुंबई इंडियन्स की ओनर नीता अंबानी, उनके पुत्र अनंत अंबानी और रोहित शर्मा की पत्नी रितिका सजदेह के भी आने की संभावना है। इसके अलावा राज्यसभा सदस्य राजीव शुक्ला भी मैच का लुत्फ उठाएंगे।
Leave A Reviews