
जबलपुर. मध्य प्रदेश की न्यायधानी जबलपुर में बेखौफ बदमाशों ने दुस्साहस का परिचय देते हुए हाई कोर्ट के एक मुंशी पर घातक हमला किया. हमलावरों ने फिल्मी अंदाज में पहले पीड़ित की आंखों में मिर्ची पाउडर डाला और फिर उन पर कट्टे से फायरिंग कर दी. घायल मुंशी ने साहस दिखाते हुए लहूलुहान हालत में खुद पुलिस चौकी पहुंचकर अपनी जान बचाई.
वारदात का घटनाक्रम
घटना पाटन थाना क्षेत्र के बेनीखेड़ा के पास गुरुवार रात करीब 11:15 बजे की है. आगाशोद निवासी ठाकुर दास पटेल (52), जो हाई कोर्ट में मुंशी हैं, अपनी बाइक से घर लौट रहे थे. रास्ते में एक नकाबपोश महिला ने उन्हें रोका और अचानक उनकी आंखों में मिर्ची झोंक दी.
जैसे ही वे बाइक से गिरे, पहले से छिपे 6 अन्य आरोपियों ने उन्हें घेरकर मारपीट शुरू कर दी. जान बचाने के लिए भाग रहे ठाकुर दास पर आरोपियों ने कट्टे से फायर कर दिया. गोली उनके पेट के पास लगी और छर्रे गले में धंस गए.
22 लाख की जमीन का विवाद
अस्पताल में उपचाराधीन ठाकुर दास ने पुलिस को बताया कि यह हमला पूरी तरह सोची-समझी साजिश थी. विवाद की जड़ 'सूखा' क्षेत्र की एक जमीन है. पीड़ित का आरोप है कि उन्होंने जमीन के सौदे के लिए 22 लाख रुपए दिए थे, लेकिन आरोपी पक्ष न तो रजिस्ट्री कर रहा था और न ही पैसे लौटा रहा था.
पुलिस की कार्रवाई
नुनसर पुलिस चौकी प्रभारी विपिन तिवारी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर 7 आरोपियों (दीपक काक्षी, गोपाल काक्षी, वंदना सिंह, बृजलाल पटेल, अर्जुन और सिद्धार्थ दुबे) के खिलाफ धारा 307 (हत्या का प्रयास) के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही हैं.
Leave A Reviews