
जबलपुर घमापुर थाना क्षेत्र के शीतलामाई इलाके में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना घटी। रज्जन की डेरी के पास स्थित एक खंडहरनुमा घर में लगे बरैया के छत्ते से अचानक सैकड़ों बरैयों ने पानी भर रहे लोगों पर हमला कर दिया। इस हमले में 67 वर्षीय वृद्धा शिव कुमारी की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, शिव कुमारी सोमवार सुबह करीब 6 बजे पानी भरने के लिए अपने घर से बाहर निकली थीं। उसी समय गली में लगे बरैया के छत्ते से बरैयों का झुंड बाहर निकला और लोगों पर हमला कर दिया। बरैयों के हमले से गली में अफरा-तफरी मच गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे और अपने घरों के दरवाजे-खिड़कियां बंद कर लिए।

बरैयों के हमले में शिव कुमारी बुरी तरह घायल हो गईं और बेहोश होकर वहीं गिर गईं। परिजनों और पड़ोसियों ने उन्हें तुरंत निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां से उन्हें मेडिकल अस्पताल रेफर कर दिया गया। मेडिकल अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

शिवकुमारी के भाई प्रदीप सिंह ने बताया कि जब उन्होंने अपनी बहन को देखा तो उनके शरीर पर 400-500 बरैया चिपकी हुई थीं। उन्होंने किसी तरह बरैयों को भगाया और छत्ते में आग लगा दी। परिजनों ने घटना के लिए प्रशासन की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा कि खंडहर में बरैया का छत्ता होने की जानकारी नगर निगम को दी गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई।

बरैया के हमले से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। लोग अपने घरों के दरवाजे-खिड़कियां बंद रख रहे हैं और बाहर निकलने से कतरा रहे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द बरैया के छत्ते को हटाने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए उचित कदम उठाने की मांग की है।


Leave A Reviews