Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

'जनता को महंगाई से राहत दिलाने के बजाय सताया जा रहा', दूध की कीमतों में बढ़ोतरी पर उदित राज

नई दिल्ली, 11 नवंबर (आईएएनएस)। कांग्रेस नेता डॉ. उदित राज ने दूध की कीमतों में बढ़ोतरी, सोनिया गांधी की किताब में यूपीए सरकार के दौरान उनकी भूमिका के उल्लेख पर भाजपा की आलोचना और दिवाली को लेकर कांग्रेस नेताओं की टिप्पणियों पर उठे विवाद को लेकर केंद्र सरकार और भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने महंगाई के मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को घेरते हुए आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों से आम लोगों पर आर्थिक बोझ बढ़ा है। वहीं, सोनिया गांधी की आत्मकथा को लेकर भाजपा की टिप्पणियों पर उन्होंने कहा कि सरकार को किताब पर बहस करने के बजाय अपने चुनावी वादे पूरे करने चाहिए।

दूध की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर उदित राज ने तंज कसते हुए कहा, " सरकार आम जनता को परेशान कर रही है। नोटबंदी और जीएसटी के कारण लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा है।"

कांग्रेस नेता ने एलपीजी सिलेंडर की कीमतों का जिक्र करते हुए कहा कि जो सिलेंडर पहले 400 रुपए में मिलता था, उसकी कीमत अब करीब एक हजार रुपए तक पहुंच गई है। सरसों के तेल के दाम दोगुने हो गए हैं, जबकि डीजल और पेट्रोल की कीमतें भी डेढ़ से दो गुना तक बढ़ गई हैं। उदित राज ने कहा कि देश की जनता ने इस सरकार को चुना है, लेकिन अब लोगों को ऐसी सरकार और प्रधानमंत्री से राहत मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि महंगाई से परेशान आम लोगों को अपनी स्थिति पर विचार करना चाहिए।

सोनिया गांधी की किताब में यूपीए सरकार के दौरान उनकी भूमिका को लेकर भाजपा की आलोचना पर उदित राज ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि भाजपा को सरकार चलाने और विकास के लिए चुना गया है। उसे अपने चुनावी वादों पर जवाब देना चाहिए। उन्होंने सवाल किया कि हर साल दो करोड़ रोजगार देने, सभी को मकान उपलब्ध कराने, किसानों की आय दोगुनी करने, 100 स्मार्ट सिटी बनाने और विदेश से काला धन वापस लाने जैसे वादों का क्या हुआ? उदित राज ने कहा कि भाजपा इन वादों को पूरा करने के बजाय सोनिया गांधी की किताब पर चर्चा कर रही है।

उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी ने पुस्तक में अपने अनुभव और अपनी समझ के आधार पर बातें लिखी हैं। उदित राज ने तंज कसते हुए कहा कि सरकार में रहते हुए भाजपा कभी धरना-प्रदर्शन करती है, कभी किताबों पर चर्चा करती है और कभी हिंदू-मुसलमान के मुद्दे उठाती है। उनके मुताबिक, भाजपा को विपक्ष में आ जाना चाहिए।

दिवाली को लेकर कांग्रेस की टिप्पणियों पर हुए विवाद के सवाल पर उदित राज ने कहा कि हर समुदाय और वर्ग की अपनी संस्कृति होती है। उन्होंने सवाल किया कि क्या भाजपा के लोग भारतीय संस्कृति के ठेकेदार हैं? उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे लोग मनुवादी मानसिकता रखते हैं। कांग्रेस नेता ने कहा कि उनकी भी अपनी संस्कृति है, जो उनके पूर्वजों से जुड़ी है। उन्होंने बहुजन और ओबीसी संस्कृति का उल्लेख करते हुए कहा कि हर जाति और समुदाय की अपनी परंपराएं और सांस्कृतिक पहचान होती हैं। किसी एक पक्ष को पूरी भारतीय संस्कृति का ठेकेदार नहीं बनना चाहिए।

--आईएएनएस

पीएसके

Date & Time : 2026-11-11 23:45:02

Share:

Leave A Reviews

Related News