Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

जापान संग रिश्तों को नई उड़ान देगा यूपी, अब लखनऊ में साझेदारी का लिखा जाएगा महाअध्याय


लखनऊ, 20 अगस्त (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश और जापान के बीच रिश्तों को नई ऊंचाई देने की दिशा में शुक्रवार का दिन बेहद अहम होने जा रहा है। जापानी प्रतिनिधिमंडल की यूपी विजिट के तीसरे दिन लखनऊ में निवेश, उद्योग, शिक्षा, पर्यटन, स्वास्थ्य, एमएसएमई और महिला सशक्तीकरण जैसे क्षेत्रों में व्यापक संवाद होगा।

लखनऊ, 20 अगस्त (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश और जापान के बीच रिश्तों को नई ऊंचाई देने की दिशा में शुक्रवार का दिन बेहद अहम होने जा रहा है। जापानी प्रतिनिधिमंडल की यूपी विजिट के तीसरे दिन लखनऊ में निवेश, उद्योग, शिक्षा, पर्यटन, स्वास्थ्य, एमएसएमई और महिला सशक्तीकरण जैसे क्षेत्रों में व्यापक संवाद होगा।

दिन की शुरुआत जापानी प्रतिनिधिमंडल की राज्यपाल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट के साथ होगी, जबकि इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में होने वाले चार सेक्टोरल सेशन इस आयोजन के प्रमुख आकर्षण रहेंगे। समापन सत्र को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ संबोधित करेंगे।

उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से जापानी प्रतिनिधिमंडल को प्रदेश की औद्योगिक क्षमता, निवेश की संभावनाओं और विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों से रूबरू कराने के लिए पूरे दिन कार्यक्रमों की श्रृंखला तैयार की गई है। खास बात यह है कि दिनभर होने वाले संवाद केवल औपचारिक मुलाकातों तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि जापान-उत्तर प्रदेश के बीच दीर्घकालिक आर्थिक और संस्थागत साझेदारी की जमीन तैयार करने पर केंद्रित होंगे।

शुक्रवार सुबह जापानी प्रतिनिधिमंडल राजभवन पहुंचकर उत्तर प्रदेश के राज्यपाल से शिष्टाचार मुलाकात करेगा। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके सरकारी आवास पर प्रतिनिधिमंडल की भेंट वार्ता प्रस्तावित है। इन मुलाकातों के जरिए दोनों पक्षों के बीच आपसी संबंधों, निवेश और सहयोग की संभावनाओं को लेकर उच्चस्तरीय संवाद होगा। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल दिनभर विभिन्न सेक्टोरल कार्यक्रमों में हिस्सा लेगा।

जापानी प्रतिनिधिमंडल के साथ आए 15 विद्यार्थियों का मोहनलालगंज स्थित अटल विद्यालय का दौरा भी दिन के प्रमुख कार्यक्रमों में शामिल है। इन विद्यार्थियों के साथ इन्वेस्ट यूपी के अधिकारी रहेंगे। इससे जापान के युवाओं को उत्तर प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था और राज्य में विकसित हो रहे आधुनिक शैक्षणिक मॉडल को करीब से समझने का अवसर मिलेगा।

जापान से आईं 15 महिला प्रतिनिधियों के लिए भी विशेष कार्यक्रम रखा गया है। महिला एवं बाल कल्याण विभाग के मंत्री के साथ बैठक के बाद प्रतिनिधिमंडल लखनऊ स्थित 1090 वीमेन हेल्पलाइन का दौरा करेगा। यहां एडीजी की ओर से महिला सुरक्षा और हेल्पलाइन की कार्यप्रणाली पर प्रस्तुतीकरण एवं ब्रीफिंग दी जाएगी। यह कार्यक्रम महिला सुरक्षा और तकनीक आधारित महिला सहायता प्रणाली के क्षेत्र में दोनों देशों के बीच अनुभव साझा करने का महत्वपूर्ण अवसर होगा।

इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित एक्जीबिशन एंड ओडीओपी एक्सपीरियंस सेंटर में जापानी मेहमानों को उत्तर प्रदेश की वास्तविक औद्योगिक और सांस्कृतिक ताकत से परिचित कराया जाएगा। यहां यूपीनेडा, पर्यटन, शिक्षा, इन्वेस्ट यूपी, श्रम, आईटी एवं स्टार्टअप, ओडीओपी और कौशल विकास से जुड़े स्टॉल लगाए जाएंगे। इसके साथ जापानी कंपनियां तथा एकेटीयू, आईआईटी बीएचयू और आईआईटी कानपुर जैसे प्रमुख संस्थान भी अपनी क्षमताओं और संभावनाओं को प्रदर्शित करेंगे। यानी एक ही छत के नीचे यूपी के उत्पाद, तकनीक, शिक्षा, स्टार्टअप और निवेश के अवसर जापानी प्रतिनिधियों के सामने होंगे।

इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में चार समानांतर सेक्टोरल सत्र होंगे, जिनमें उत्तर प्रदेश-जापान साझेदारी के अलग-अलग आयामों पर गहन चर्चा होगी। ‘फ्रॉम गेट टू ग्लोबल प्लेट’ सत्र में कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र को वैश्विक बाजार से जोड़ने और जापानी सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा होगी। जापानीज टूरिज्म सत्र में पर्यटन क्षेत्र में सहयोग और पर्यटकों के आदान-प्रदान की संभावनाओं पर मंथन होगा। यूपी जापान हेल्थकेयर एंड केयर इकॉनमी पार्टनरशिप सत्र स्वास्थ्य और केयर इकोनॉमी में साझेदारी के नए अवसर तलाशेगा। वहीं जापान-यूपी एमएसएमई पार्टनरशिप फोरम में उत्तर प्रदेश के विशाल एमएसएमई नेटवर्क और जापानी तकनीक, निवेश व विशेषज्ञता के बीच तालमेल पर चर्चा होगी। इन सत्रों को खास तौर पर इसलिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि इनमें संभावित निवेश और कारोबारी साझेदारी को क्षेत्रवार आगे बढ़ाने का रोडमैप तैयार किया जाएगा।

दिन में विधानसभा में एमओयू एक्सचेंज के लिए बैठक भी प्रस्तावित है। ऐसे में जापानी प्रतिनिधिमंडल का लखनऊ दौरा केवल संवाद और निवेश चर्चा तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि संभावित समझौतों के जरिए साझेदारी को संस्थागत रूप देने की दिशा में भी आगे बढ़ेगा। दोपहर में उत्तर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री और यामानाशी प्रीफेक्चर के गवर्नर के बीच भी बैठक प्रस्तावित है। यह मुलाकात ऊर्जा क्षेत्र में संभावित सहयोग के लिहाज से अहम मानी जा रही है।

दोपहर बाद रंग भारती की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा। इसके बाद शाम को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के जुपिटर हॉल में वेलेडिक्टरी सेशन होगा, जिसे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ संबोधित करेंगे। इस दौरान प्रदेश सरकार के मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी और उद्योग संगठनों के प्रतिनिधि भी मौजूद होंगे। यह सत्र पूरे आयोजन के निष्कर्षों को सामने रखने के साथ-साथ उत्तर प्रदेश और जापान की भविष्य की साझेदारी की दिशा तय करने वाला महत्वपूर्ण मंच बनेगा। इसके बाद नेटवर्किंग हाई-टी के जरिए जापानी प्रतिनिधियों, सरकारी अधिकारियों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों को अनौपचारिक संवाद का अवसर मिलेगा। रात्रि में मुख्यमंत्री आवास पर डिनर के साथ ही दिनभर चले कार्यक्रमों का समापन होगा।

--आईएएनएस

डीकेपी/

Share:

Leave A Reviews

Related News