Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

जेडी वेंस की कंपन‍ियों को चेतावनी: अमेरिका की नौकरियां अमेरिकी नागरिकों को मिलनी चाहिए


वाशिंगटन, 20 अक्टूबर (आईएएनएस)। अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कंपन‍ियों को चेतावनी देते हुए कहा क‍ि अमेरिकी नागरिकों के रोजगार के अवसर प्रभावित हों, ट्रंप प्रशासन ऐसी क‍िसी भी व्‍यवस्‍था को बर्दाश्‍त नहीं करेगा। उन्‍होंने कंपन‍ियों से कहा क‍ि वीजा कार्यक्रमों का इस्तेमाल करके स्थानीय कर्मचारियों की जगह कम वेतन वाले विदेशी श्रमिकों को न रखें।

वाशिंगटन, 20 अक्टूबर (आईएएनएस)। अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कंपन‍ियों को चेतावनी देते हुए कहा क‍ि अमेरिकी नागरिकों के रोजगार के अवसर प्रभावित हों, ट्रंप प्रशासन ऐसी क‍िसी भी व्‍यवस्‍था को बर्दाश्‍त नहीं करेगा। उन्‍होंने कंपन‍ियों से कहा क‍ि वीजा कार्यक्रमों का इस्तेमाल करके स्थानीय कर्मचारियों की जगह कम वेतन वाले विदेशी श्रमिकों को न रखें।

सोमवार को नॉर्थ कैरोलाइना के हेंडरसनविले में एक रिपब्लिकन चुनावी रैली को संबोधित करते हुए वेंस ने कहा कि प्रशासन यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि कंपनियां श्रम लागत कम करने के लिए इमिग्रेशन कार्यक्रमों का गलत फायदा न उठाएं।

वेंस ने कहा, "मुझे जिस बात पर सबसे ज्यादा गर्व है, वह यह है कि हम कभी भी बड़ी कंपनियों को वीजा कार्यक्रमों का दुरुपयोग करके नॉर्थ कैरोलिना के मेहनती अमेरिकी कर्मचारियों की जगह ऐसे लोगों को रखने नहीं देंगे, जो लगभग बंधुआ मजदूरी जैसी स्थिति में काम करते हैं।"

उनकी यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब रोजगार आधारित इमिग्रेशन, खासकर एच-1बी वीजा कार्यक्रम को लेकर बहस तेज हो रही है। हालांकि, वेंस ने अपने भाषण में एच-1बी वीजा का नाम सीधे तौर पर नहीं लिया और न ही इस कार्यक्रम पर किसी नए प्रतिबंध की घोषणा की।

फिर भी, उनकी बातों से यह साफ संकेत मिला कि प्रशासन का मानना है कि रोजगार आधारित इमिग्रेशन का इस्तेमाल अमेरिकी कर्मचारियों को हटाने या उनकी मजदूरी कम रखने के लिए नहीं होना चाहिए। उपराष्ट्रपति ने इस मुद्दे को प्रशासन की व्यापक इमिग्रेशन और आर्थिक नीति से जोड़ते हुए कहा कि सरकारी नीतियों का सबसे पहला उद्देश्य अमेरिकी नागरिकों को प्राथमिकता देना होना चाहिए।

उन्होंने कहा, "अमेरिका की नौकरियां अमेरिकी नागरिकों को मिलनी चाहिए, उन लोगों को नहीं जिन्हें यहां काम करने का कानूनी अधिकार नहीं है।"

वेंस ने यह भी स्पष्ट किया कि उनका निशाना उन कंपनियों पर है जो अमेरिकी कर्मचारियों की जगह विदेशी श्रमिकों को रखती हैं, न कि उन लोगों पर जो कानूनी रूप से वीजा लेकर अमेरिका में काम कर रहे हैं।

एच-1बी वीजा कार्यक्रम के तहत अमेरिकी कंपनियां इंजीनियरिंग, सूचना प्रौद्योगिकी, चिकित्सा और वैज्ञानिक अनुसंधान जैसे विशेष क्षेत्रों में योग्य विदेशी पेशेवरों को अस्थायी रूप से नौकरी दे सकती हैं। अनधिकृत रूप से काम करने वालों के विपरीत, एच-1बी वीजा धारकों को प्रायोजक कंपनियों के लिए तय नियमों के तहत कानूनी रूप से काम करने की अनुमति होती है।

वेंस ने इमिग्रेशन पर जारी व्यापक बहस का जिक्र करते हुए दावा किया कि प्रशासन ने अवैध सीमा पार करने की घटनाओं में बड़ी कमी लाई है और प्रवासन के रुझान को भी पलटा है। उन्होंने कहा कि कड़ी इमिग्रेशन कार्रवाई की वजह से अमेरिका में 'पिछले 50 वर्षों में पहली बार शुद्ध प्रवासन (नेट माइग्रेशन) नकारात्मक' हुआ है।

वेंस ने पिछली व्यापार और इमिग्रेशन नीतियों की भी आलोचना की। उनका कहना था कि इन नीतियों ने नॉर्थ कैरोलाइना और अमेरिका के अन्य हिस्सों में विनिर्माण (मैन्युफैक्चरिंग) से जुड़े समुदायों को नुकसान पहुंचाया। उन्होंने इमिग्रेशन नियंत्रण को प्रशासन की उस बड़ी आर्थिक रणनीति से जोड़ा, जिसका उद्देश्य घरेलू रोजगार की रक्षा करना, उद्योगों को मजबूत बनाना और मजदूरी बढ़ाना है।

वेंस की यह टिप्पणी तीन नवंबर को होने वाले मध्यावधि चुनावों से पहले रिपब्लिकन उम्मीदवारों के समर्थन में चलाए जा रहे चुनाव प्रचार अभियान के दौरान आई।

--आईएएनएस

एवाई/एएस

Date & Time : 2026-10-20 07:45:05

Share:

Leave A Reviews

Related News