गाजियाबाद, 28 जुलाई (आईएएनएस)। श्रावण मास की शुरुआत 30 जुलाई से होने जा रही है और इसके साथ ही कांवड़ यात्रा का सिलसिला भी तेज हो जाएगा। हर वर्ष की तरह इस बार भी लाखों श्रद्धालु हरिद्वार और अन्य पवित्र स्थलों से गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना होंगे। कांवड़ यात्रा के दौरान दिल्ली, गाजियाबाद, मेरठ और आसपास के क्षेत्रों में कई प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था प्रभावित रहती है।
![]()
गाजियाबाद, 28 जुलाई (आईएएनएस)। श्रावण मास की शुरुआत 30 जुलाई से होने जा रही है और इसके साथ ही कांवड़ यात्रा का सिलसिला भी तेज हो जाएगा। हर वर्ष की तरह इस बार भी लाखों श्रद्धालु हरिद्वार और अन्य पवित्र स्थलों से गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना होंगे। कांवड़ यात्रा के दौरान दिल्ली, गाजियाबाद, मेरठ और आसपास के क्षेत्रों में कई प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था प्रभावित रहती है।
इसी स्थिति को ध्यान में रखते हुए राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) ने दिल्ली–मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर यात्रियों की सुविधा के लिए बड़ा फैसला लिया है।
एनसीआरटीसी ने घोषणा की है कि 30 जुलाई से 14 अगस्त तक नमो भारत कॉरिडोर पर प्रतिदिन 52 अतिरिक्त ट्रेन ट्रिप्स संचालित की जाएंगी। इन अतिरिक्त सेवाओं के शुरू होने के बाद यात्रियों को अब हर 10 मिनट के बजाय हर 8 मिनट में नमो भारत ट्रेन उपलब्ध होगी। यह सुविधा पूरे कॉरिडोर पर सराय काले खां से मोदीपुरम स्टेशन तक लागू रहेगी।
एनसीआरटीसी के अनुसार, वर्तमान में दिल्ली–मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर प्रतिदिन औसतन करीब एक लाख यात्री सफर कर रहे हैं। कांवड़ यात्रा के दौरान सड़क मार्गों पर भारी भीड़ और ट्रैफिक प्रतिबंधों के कारण इस संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि होने की संभावना है। इसी को देखते हुए यात्रियों को समय पर और सुगम यात्रा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अतिरिक्त ट्रेन सेवाएं शुरू की जा रही हैं। यदि आवश्यकता महसूस हुई तो यात्रियों की संख्या के अनुसार ट्रेन संचालन की आवृत्ति को और बढ़ाने का भी विकल्प खुला रखा गया है।
गौरतलब है कि कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात पुलिस श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुचारु आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए कई प्रमुख मार्गों पर एक तरफा यातायात लागू करती है या कुछ स्थानों पर सड़कें पूरी तरह बंद कर देती है। ऐसे में निजी वाहनों और बसों से यात्रा करने वाले लोगों को लंबा जाम, देरी और असुविधा का सामना करना पड़ता है। इस परिस्थिति में नमो भारत ट्रेन अपनी तेज गति, समयबद्ध संचालन और विश्वसनीय सेवा के कारण आम यात्रियों के लिए सबसे सुविधाजनक विकल्प बनकर उभरती है।
इसका सबसे अधिक लाभ दैनिक कार्यालय आने-जाने वाले कर्मचारियों, छात्रों, व्यापारियों और अन्य नियमित यात्रियों को मिलेगा, जिन्हें सड़क जाम से बचते हुए निर्धारित समय पर अपने गंतव्य तक पहुंचने में आसानी होगी। इसके अलावा संपूर्ण कॉरिडोर पर नमो भारत ट्रेनों के साथ-साथ मेरठ साउथ से मोदीपुरम के बीच मेरठ मेट्रो सेवा भी संचालित हो रही है, जिससे मेरठ शहर के भीतर यात्रा और अधिक आसान हो गई है।
एनसीआरटीसी ने यह भी स्पष्ट किया है कि कांवड़ यात्रा के दौरान कुछ स्टेशनों पर सड़क बंद होने के कारण पार्किंग सुविधाएं अस्थायी रूप से प्रभावित हो सकती हैं। ऐसी किसी भी स्थिति की जानकारी यात्रियों को समय रहते उपलब्ध कराई जाएगी ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो।
सुरक्षा और यात्री सुविधा को प्राथमिकता देते हुए दिल्ली में सीआईएसएफ तथा उत्तर प्रदेश में यूपीएसएसएफ के सहयोग से एनसीआरटीसी विशेष प्रबंधन कर रही है, ताकि कांवड़ यात्रा के दौरान भी नमो भारत कॉरिडोर पर सुरक्षित, सुचारु और निर्बाध रेल सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
--आईएएनएस
पीकेटी/एएसएच
Leave A Reviews