Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

कर्नाटक: हुबली डिपो में बस ड्राइवर ने पेड़ से लटककर जान दी, उसी बस में निकली अंतिम यात्रा


हुबली. कर्नाटक के हुबली से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एनडब्ल्यूकेआरटीसी के रूरल यूनिट-1 डिपो में एक बस ड्राइवर ने पेड़ से लटककर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 38 वर्षीय मंजूनाथ के रूप में हुई है। सबसे भावुक कर देने वाला पहलू यह रहा कि पोस्टमार्टम के बाद उसका शव उसी बस में उसके गृहनगर भेजा गया, जिस पर वे ड्यूटी करते थे।

जानकारी के अनुसार, मंजूनाथ गदग जिले के मुंडारगी तालुक के मुंडावाड़ा गांव के रहने वाले थे। वे पिछले कई सालों से हुबली डिपो में ड्राइवर के पद पर कार्यरत थे और फिलहाल ड्यूटी पर थे। शनिवार को वे डिपो परिसर में ही मौजूद थे, तभी उन्होंने परिसर में लगे एक पेड़ से लटककर अपनी जान दे दी। घटना की जानकारी मिलते ही डिपो में हड़कंप मच गया।

सहकर्मियों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। गोकुल थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। देर रात पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिवहन निगम और परिवार की सहमति से मंजूनाथ के पार्थिव शरीर को उसी बस में उसके पैतृक गांव मुंडावाड़ा के लिए रवाना किया गया, जिस बस में वे रोज सवारियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाते थे। इसी बस में उनकी अंतिम यात्रा निकली, जिसे देखकर वहां मौजूद हर किसी की आंखें नम हो गईं।

आत्महत्या के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस के अनुसार, मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। वहीं, मंजूनाथ के परिजनों का कहना है कि उन्हें किसी भी तरह की कोई समस्या नहीं थी। उन्होंने घर में भी किसी परेशानी का जिक्र नहीं किया था, इसलिए उनका यह कदम उठाना परिवार के लिए किसी सदमे से कम नहीं है।

बताया जा रहा है कि मंजूनाथ की पत्नी और दो बच्चे हुबली में ही रहते हैं। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आत्महत्या के पीछे के कारणों की जांच कर रही है। क्या यह पारिवारिक कारण था, काम का दबाव था या कोई अन्य वजह, इसका पता जांच के बाद ही चल पाएगा।

Date & Time : 2026-09-27 11:25:01

Share:

Leave A Reviews

Related News