Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

'कर्नाटक से पानी लाएं रेवंत रेड्डी, करें राहुल गांधी और डीके शिवकुमार से बात', तेलंगाना में संकट पर बोले शिवसेना नेता


हैदराबाद, 25 अक्टूबर (आईएएनएस)। तेलंगाना में जल और सूखा संकट के बीच मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी की किसानों से एक फसल टालने की अपील पर विपक्षी दलों ने प्रतिक्रिया दी है। शिवसेना (शिंदे) की तेलंगाना इकाई के अध्यक्ष सिंकारु शिवाजी ने कहा है कि मुख्यमंत्री रेड्डी को कर्नाटक सरकार से बात करनी चाहिए और उनसे पानी की मांग करनी चाहिए।

हैदराबाद, 25 अक्टूबर (आईएएनएस)। तेलंगाना में जल और सूखा संकट के बीच मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी की किसानों से एक फसल टालने की अपील पर विपक्षी दलों ने प्रतिक्रिया दी है। शिवसेना (शिंदे) की तेलंगाना इकाई के अध्यक्ष सिंकारु शिवाजी ने कहा है कि मुख्यमंत्री रेड्डी को कर्नाटक सरकार से बात करनी चाहिए और उनसे पानी की मांग करनी चाहिए।

शिवसेना के प्रदेश अध्यक्ष सिंकारु शिवाजी ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "अगर आज किसान खेतों में नहीं जाएंगे, तो हम क्या खाएंगे? इसका दूसरा विकल्प क्या है? आप (मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी) किसानों से कह रहे हैं कि यह मत करो, वह मत करो, तो फिर एक किसान अपना गुजारा कैसे करेगा? अगर किसान खेती नहीं करेंगे, अगर वे फसल उगाना शुरू नहीं करेंगे, तो हम क्या खाएंगे?"

उन्होंने कहा कि कर्नाटक में पानी की कोई कमी नहीं है। वहां कांग्रेस पार्टी की सरकार है। सीएम रेवंत रेड्डी वहां से पानी लाकर तेलंगाना के लोगों को दे सकते हैं।

सिंकारु शिवाजी ने कहा, "कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार कई बार तेलंगाना आ चुके हैं। उन्होंने कई बैठकों में हमें भरोसा दिलाया है कि 'हम आएंगे, हम आपका समर्थन करेंगे और हम आपके साथ खड़े हैं'। आज आप (रेवंत रेड्डी) मुख्यमंत्री हैं, आप उनसे कह सकते हैं और वे वह पानी ला सकते हैं। आप तेलंगाना की खेती को बेहतर ढंग से विकसित कर सकते हैं, किसानों को पानी दे सकते हैं और तेलंगाना को सुरक्षित बना सकते हैं।"

शिवसेना नेता ने कहा कि सत्ता आपके (रेवंत रेड्डी) हाथों में है। हमारे पड़ोसी राज्य कर्नाटक में पानी है। आप वहां से पानी लाकर तेलंगाना में पहुंचा सकते हैं। राहुल गांधी से बात करें, कर्नाटक सरकार से बात करें और तेलंगाना को बचाएं। उन्होंने कहा, "अगर आप इस तरह के बयान देंगे, तो काम कैसे चलेगा? किसानों का क्या होगा? तेलंगाना के लोगों का क्या होगा? जो लोग खेती पर निर्भर हैं, वे कहां जाएंगे? इसलिए, रेवंत रेड्डी को यह समझना चाहिए। सबसे पहले कांग्रेस शासित राज्य कर्नाटक से बात करें और पानी लेकर आएं।"

इसी बीच, शिवसेना नेता ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, "जो कोई भी भारत के विकास में बाधा डालता है, उसे देशद्रोही माना जा सकता है। चाहे कोई भी गठबंधन, पार्टी या नेता हो, जो भारत के विकास को रोकता है या देश के खिलाफ काम करता है, वह देशद्रोही है।"

विदेश दौरों पर कांग्रेस सांसद की मुलाकातों को लेकर उन्होंने कहा, "राहुल गांधी का देशद्रोहियों से मिलना सब भारत देख रहा है। भारत की जनता पूरी तरह जागरूक है। जब सही समय आएगा, तो निश्चित मानिए कि 'इंडिया' गठबंधन के पास अभी जितनी सीटें हैं, वे उन्हें भी नहीं बचा पाएंगे।"

उन्होंने कहा, "जो लोग विकास रोकते हैं और भारत पर हमले करते हैं, वे देशद्रोही हैं। जनता अच्छी तरह जानती है कि ऐसे देशद्रोहियों से मिलने का क्या मतलब होता है। भारत की जनता उन सभी लोगों को देख रही है जो इन देशद्रोहियों से मिलते हैं, उनसे दोस्ती करते हैं या उनके प्रति अपना लगाव दिखाते हैं।"

सिंकारु शिवाजी ने कहा, "मैं आज लोगों से अपील करता हूं कि वे देखें कि असल में भारत का विकास कौन कर रहा है, कौन सच्चे दिल से देश का समर्थन कर रहा है, कौन दुनिया भर में भारत का मान बढ़ा रहा है और कौन भारत की तरक्की को रोकने की कोशिश कर रहा है। जनता को यह बात समझनी चाहिए।"

'वोट चोरी' के विषय पर शिवसेना नेता ने कहा, "उन्होंने ड्रामा करना शुरू कर दिया है। कभी वोट चोरी का बहाना बनाते हैं, कभी ईवीएम का, तो कभी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का। उन्हें पहले से ही पता है कि उन्हें कुछ नहीं मिलने वाला, उन्हें वोट नहीं मिलेंगे और जनता का प्यार भी उन्हें हासिल नहीं है। इसीलिए उन्होंने यह ड्रामा रचा है। क्रिकेट की तरह, जहां कोई बल्लेबाज खुद ही अपनी विकेट पर शॉट मारकर 'हिट-विकेट' आउट हो जाता है, राहुल गांधी भी बिल्कुल वैसा ही अपने साथ कर रहे हैं।"

--आईएएनएस

डीसीएचच/

Date & Time : 2026-10-25 09:10:03

Share:

Leave A Reviews

Related News