नई दिल्ली, 19 मई (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा बयान देते हुए कहा है कि कतर, सऊदी अरब और यूएई के शीर्ष नेताओं के अनुरोध पर ईरान पर होने वाला सैन्य हमला फिलहाल रोक दिया गया है।
नई दिल्ली, 19 मई (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा बयान देते हुए कहा है कि कतर, सऊदी अरब और यूएई के शीर्ष नेताओं के अनुरोध पर ईरान पर होने वाला सैन्य हमला फिलहाल रोक दिया गया है।
ट्रंप ने कहा कि इस समय समझौते को लेकर गंभीर बातचीत चल रही है, लेकिन अगर कोई डील नहीं होती है तो अमेरिका सैन्य कार्रवाई के लिए पूरी तरह तैयार रहेगा।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करते हुए कहा, ''कतर के अमीर बिन हमद अल थानी, सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान अल सऊद और संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने मुझसे अनुरोध किया है कि हम ईरान पर कल होने वाले प्रस्तावित सैन्य हमले को फिलहाल रोक दें।''
उन्होंने कहा, ''इन नेताओं का कहना है कि इस समय गंभीर बातचीत चल रही है और उनके मुताबिक, एक ऐसा समझौता हो सकता है जो अमेरिका, मध्य पूर्व के सभी देशों और बाकी दुनिया के लिए भी स्वीकार्य होगा। इस समझौते में सबसे अहम बात यह होगी कि ईरान के पास परमाणु हथियार नहीं होंगे।''
ट्रंप ने पोस्ट में आगे कहा, ''इन नेताओं के प्रति सम्मान जताते हुए मैंने रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ, जॉइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ के चेयरमैन जनरल डेनियल केन और अमेरिकी सेना को निर्देश दिया है कि कल ईरान पर प्रस्तावित हमला नहीं किया जाएगा।''
उन्होंने कहा, ''हालांकि, मैंने उन्हें यह भी निर्देश दिया है कि अगर कोई स्वीकार्य समझौता नहीं हो पाता है, तो जरूरत पड़ने पर ईरान के खिलाफ बड़े स्तर पर सैन्य कार्रवाई के लिए पूरी तरह तैयार रहें।''
इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति ने मिडिल ईस्ट में तनाव के बीच अमेरिकी सैन्य कार्रवाई के संकेत दिए थे। इसके बाद दोनों देशों के बीच तनाव और गहराया हुआ है।
ट्रंप ने रविवार को सोशल मीडिया पर लिखा, ''ईरान के लिए समय तेजी से निकलता जा रहा है और उन्हें जल्द आगे बढ़ना चाहिए, वरना उनके पास कुछ भी नहीं बचेगा। समय बहुत कीमती है!''
अमेरिकी मीडिया नेटवर्क सीएनएन की एक रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप ने वरिष्ठ राष्ट्रीय सुरक्षा अधिकारियों के साथ ईरान को लेकर आगे की रणनीति पर चर्चा की। रिपोर्ट में कहा गया है कि इस सप्ताह की शुरुआत में एक और बैठक होने की उम्मीद थी।
--आईएएनएस
एवाई/एएस
Leave A Reviews