
कटनी। मध्य प्रदेश के कटनी जिले में मुड़वारा रेलवे स्टेशन के पास गुरुवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान माधव नगर थाना क्षेत्र के ग्राम चरवाही निवासी 26 वर्षीय इंद्रजीत पटेल के रूप में हुई है। इंद्रजीत दो दिन पहले एक मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए घर से निकला था, जिसके बाद से वह लापता था। गुरुवार को उसका शव संदिग्ध परिस्थितियों में रेल की पटरियों पर पाया गया। परिजनों ने इस घटना को सामान्य रेल दुर्घटना मानने से इनकार करते हुए इसे हत्या करार दिया है।
तिलक समारोह में शामिल होने गया था युवक परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, इंद्रजीत पटेल पिता राम रतन पटेल 21 अप्रैल की शाम करीब 4 बजे अपने घर से निकला था। वह एनकेजे थाना क्षेत्र के ग्राम जुहला में एक रिश्तेदार के यहाँ आयोजित तिलक समारोह में शामिल होने गया था। समारोह में शामिल होने के बाद जब वह देर रात तक अपने घर वापस नहीं लौटा, तो परिवार वालों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कहीं पता नहीं चला, तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। गुरुवार सुबह जीआरपी पुलिस को मुड़वारा स्टेशन के पास ट्रैक पर शव होने की सूचना मिली।
परिजनों ने लगाया सुनियोजित हत्या का आरोप इंद्रजीत की मौत की खबर मिलते ही जिला अस्पताल पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के पिता और अन्य सदस्यों ने पुलिस के सामने घटना पर गंभीर संदेह व्यक्त किया है। उनका कहना है कि इंद्रजीत खुशी-खुशी कार्यक्रम में गया था और उसकी किसी से कोई रंजिश नहीं थी। परिजनों ने आरोप लगाया है कि यह एक सुनियोजित हत्या है और शव को दुर्घटना का रूप देने के लिए रेलवे ट्रैक पर फेंका गया है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि तिलक समारोह से लेकर ट्रैक तक के पूरे घटनाक्रम की गहनता से जांच की जाए।
जीआरपी पुलिस कर रही है मामले की जांच सूचना मिलते ही जीआरपी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और पंचनामा तैयार किया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। जीआरपी अधिकारियों का कहना है कि वर्तमान में मर्ग कायम कर लिया गया है और सभी संभावित पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। फिलहाल, पुलिस समारोह में मौजूद रहे लोगों और मृतक के मोबाइल कॉल रिकॉर्ड्स की भी जांच कर रही है।
Leave A Reviews