Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

केन्या में भारतीय उच्चायुक्त की अहम बैठक, जलवायु और वन संरक्षण पर हुई चर्चा


नैरोबी, 23 जून (आईएएनएस)। केन्या में भारत के उच्चायुक्त आदर्श स्वैका ने मंगलवार को देश की पर्यावरण, जलवायु परिवर्तन और वन विभाग की कैबिनेट सचिव डेबोरा म्लोंगो बारासा से मुलाकात की। इस दौरान दोनों पक्षों ने जलवायु कार्रवाई के क्षेत्र में सहयोग को और मजबूत करने पर चर्चा की।

नैरोबी, 23 जून (आईएएनएस)। केन्या में भारत के उच्चायुक्त आदर्श स्वैका ने मंगलवार को देश की पर्यावरण, जलवायु परिवर्तन और वन विभाग की कैबिनेट सचिव डेबोरा म्लोंगो बारासा से मुलाकात की। इस दौरान दोनों पक्षों ने जलवायु कार्रवाई के क्षेत्र में सहयोग को और मजबूत करने पर चर्चा की।

नैरोबी स्थित भारतीय उच्च आयोग ने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, “उच्चायुक्त आदर्श स्वाइका ने पर्यावरण, जलवायु परिवर्तन और वन विभाग की कैबिनेट सचिव माननीय डेबोरा म्लोंगो बारासा से मुलाकात की।”

उच्च आयोग ने आगे बताया कि बातचीत का मुख्य विषय जलवायु परिवर्तन से निपटने, वनों के संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा के क्षेत्र में भारत और केन्या के बीच सहयोग को बढ़ाना था। इसके तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘एक पेड़ मां के नाम’ पहल और केन्या के राष्ट्रपति विलियम रुटो के ‘15 बिलियन ट्रीज कैंपेन’ के बीच तालमेल बनाने पर भी चर्चा हुई।

दोनों पक्षों ने पर्यावरण से जुड़ी संयुक्त गतिविधियों और दोनों देशों की वन एवं पर्यावरण संस्थाओं के बीच साझेदारी बढ़ाने की संभावनाओं पर भी विचार किया।

इस महीने की शुरुआत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि भारत और केन्या अपनी लंबे समय से चली आ रही साझेदारी को और मजबूत करते रहेंगे। यह साझेदारी ग्लोबल साउथ की आकांक्षाओं पर आधारित है। यह बात उन्होंने केन्या के राष्ट्रपति विलियम रूटो से मुलाकात के बाद कही थी।

दोनों नेताओं की मुलाकात जी7 शिखर सम्मेलन के दौरान हुई थी, जिसमें भारत को साझेदार देश के रूप में आमंत्रित किया गया था।

प्रधानमंत्री मोदी ने इस मुलाकात को लेकर कहा, “केन्या के राष्ट्रपति विलियम रूटो से मिलकर खुशी हुई।” उन्होंने यह भी कहा कि दोनों देश अपने लोगों के कल्याण के लिए साथ मिलकर काम करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

भारत और केन्या के बीच ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संबंध काफी पुराने हैं, जो दोनों देशों की आजादी से पहले के दौर तक जाते हैं। केन्या में रहने वाला 80,000 से अधिक लोगों का भारतीय समुदाय भी दोनों देशों के रिश्तों को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहा है।

पिछले कई वर्षों में दोनों देशों ने व्यापार, कृषि, शिक्षा, रक्षा और स्वास्थ्य जैसे कई क्षेत्रों में मिलकर काम किया है।

केन्या, अफ्रीका में भारत के प्रमुख साझेदार देशों में से एक है। दोनों देशों के बीच सालाना व्यापार तीन अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक है। भारत केन्या को दवाइयां, मशीनरी और वाहन निर्यात करता है, जबकि केन्या से चाय, कॉफी और चमड़े से जुड़े उत्पाद आयात करता है।

--आईएएनएस

एवाई/डीकेपी

Share:

Leave A Reviews

Related News