Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

खजुराहो से नई उड़ान सेवा शुरू, दिल्ली-वाराणसी से जुड़ेगा बुंदेलखंड: भाजपा सांसद वीडी शर्मा


खजुराहो, 25 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के सांसद वीडी शर्मा ने खजुराहो से दिल्ली-वाराणसी के लिए शुरू हुई नई एयर इंडिया फ्लाइट को बुंदेलखंड के पर्यटन और विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया और कहा कि उड़ान योजना के तहत इस बार सीजन खत्म होने के बाद भी नियमित सेवा जारी रहेगी। इसके साथ ही उन्होंने चुनाव आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण का बचाव करते हुए कहा कि कांग्रेस 55 साल तक फर्जी वोटों से राजनीति करती रही है और अब सुधारों का विरोध कर अराजकता फैला रही है, जिसे देश कभी स्वीकार नहीं करेगा।

खजुराहो, 25 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के सांसद वीडी शर्मा ने खजुराहो से दिल्ली-वाराणसी के लिए शुरू हुई नई एयर इंडिया फ्लाइट को बुंदेलखंड के पर्यटन और विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया और कहा कि उड़ान योजना के तहत इस बार सीजन खत्म होने के बाद भी नियमित सेवा जारी रहेगी। इसके साथ ही उन्होंने चुनाव आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण का बचाव करते हुए कहा कि कांग्रेस 55 साल तक फर्जी वोटों से राजनीति करती रही है और अब सुधारों का विरोध कर अराजकता फैला रही है, जिसे देश कभी स्वीकार नहीं करेगा।

भाजपा सांसद वीडी शर्मा ने कहा, "खजुराहो में एक नई उड़ान सेवा आज से प्रारंभ हुई है। यह सेवा दिल्ली से खजुराहो, खजुराहो से वाराणसी, वाराणसी से खजुराहो और फिर खजुराहो से दिल्ली के लिए संचालित की जाएगी। एयर इंडिया की यह कनेक्टिविटी इस क्षेत्र के पर्यटन और समग्र विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। आज इसकी शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और हमारे मुख्यमंत्री के प्रयासों से संभव हुई है।"

उन्होंने कहा कि आज यह बताना भी आवश्यक है कि खजुराहो एयरपोर्ट पर नियमित उड़ान सेवाएं पर्यटन सीजन समाप्त होने के बाद अक्सर बंद हो जाया करती थीं, लेकिन इस बार हमारा प्रयास था कि क्षेत्रीय हवाई संपर्क योजना (उड़ान योजना) के माध्यम से नियमित हवाई सेवा लगातार जारी रहे और उसे बंद न करना पड़े। हम सभी के संयुक्त प्रयासों से यह संभव हो पाया है। इसके लिए मैं प्रधानमंत्री और नागरिक उड्डयन मंत्री जी को संपूर्ण बुंदेलखंड क्षेत्र की जनता की ओर से बधाई और शुभकामनाएं देता हूं।

भाजपा सांसद ने कहा कि कांग्रेस झूठ और छल-कपट की राजनीति करती है। वह झूठ का वातावरण बनाना चाहती है। जो लोग 55 वर्षों तक वोटों की दलाली करते रहे, तो उन फर्जी वोटों को विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के कारण हटाए जा रहे हैं जो अब इस दुनिया में नहीं हैं तो क्या उनके वोट नहीं कटने चाहिए? जिन लोगों के नाम दो या तीन स्थानों पर दर्ज हैं, क्या उनका नाम केवल एक स्थान पर नहीं होना चाहिए? जो लोग स्थानांतरित हो चुके हैं, क्या उनके नाम मतदाता सूची से नहीं हटने चाहिए?

उन्होंने कहा कि यदि एसआईआर के माध्यम से करोड़ों मतदाताओं के रिकॉर्ड को व्यवस्थित किया जा रहा है, तो यह एक प्रक्रिया का हिस्सा है। चुनाव आयोग द्वारा किए जा रहे इस चुनावी सुधार का स्वागत होना चाहिए। कांग्रेस और उसके सहयोगी दल वर्षों तक ऐसे फर्जी वोटों को अपनी राजनीतिक ताकत के रूप में इस्तेमाल करते रहे। पैसे, दबाव और गुंडागर्दी के बल पर मतदान प्रभावित करने की कोशिश की जाती थी। अब वह सब बंद हो गया है।

वीडी शर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अखिलेश यादव हों या बिहार में लालू यादव, ऐसे कई नेता इस व्यवस्था का लाभ उठाते रहे। अब जब फर्जीवाड़े पर रोक लग रही है, तो वे इसका विरोध कर रहे हैं। जबकि चुनाव आयोग किसी राजनीतिक दल की संस्था नहीं है, बल्कि एक स्वतंत्र संवैधानिक संस्था है, जो अपना दायित्व निभा रही है।

उन्होंने कहा कि देश की जनता के सामने कांग्रेस और राहुल गांधी की राजनीति उजागर हो चुकी है। लोग समझ चुके हैं कि वे देश में अस्थिरता पैदा करने और विभिन्न शक्तियों के सहारे राजनीति करने का प्रयास कर रहे हैं। जनता और युवाओं ने सब देखा है और उसका जवाब भी दे रहे हैं।

भाजपा सांसद ने कहा कि इसीलिए वे रैलियां कर रहे हैं। दुर्भाग्य यह है कि कांग्रेस लगातार झूठ और छल-कपट की राजनीति कर रही है। दिल्ली में आए दिन किसी भी मुद्दे पर सड़क पर उतर आना, हंगामा करना, पत्थरबाजी करना और अराजकता का माहौल बनाना, यही उनकी राजनीति का हिस्सा बन गया है। यह देश अराजकता को कभी स्वीकार नहीं करेगा। यह कोई ऐसा देश नहीं है, जहां लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं को कमजोर किया जा सके। भारत एक सशक्त लोकतांत्रिक राष्ट्र है और यहां लोकतंत्र की जड़ें बहुत गहरी हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस या किसी अन्य दल द्वारा अराजकता फैलाने से लोकतंत्र कमजोर नहीं होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लोकतांत्रिक संस्थाओं को और अधिक मजबूती मिली है तथा देश का लोकतांत्रिक ढांचा पहले से अधिक सशक्त हुआ है।

--आईएएनएस

केके/वीसी

Date & Time : 2026-10-25 23:05:03

Share:

Leave A Reviews

Related News